भारत और इंग्लैंड के बीच वनडे सीरीज इस वक्त खेली जा रही है। भारतीय टीम ने सीरीज का पहला मैच जीतकर लीड बना ली है और अब दूसरे मैच की बारी है। कुल मिलाकर तीन मैच खेले जाएंगे, यानी अगर अगला मैच भी भारत ने अपने नाम कर लिया तो सीरीज भी कब्जे में आ जाएगी। इस बीच दूसरा और तीसरा मैच कब खेला जाएगा, इसकी तारीख अभी से नोट कर लीजिए, ताकि आपका मैच कहीं छूट ना जाए।
टीम इंडिया ने सीरीज का पहला मैच 6 विकेट से अपने नाम किया
टीम इंडिया ने शुभमन गिल की कप्तानी में वनडे सीरीज का पहला मैच जीत लिया है। पहले बल्लेबाजी करने उतरी इंग्लैंड ने केवल 258 रन ही बनाए थे और टीम पूरे 50 ओवर भी बल्लेबाजी नहीं कर पाई। भारतीय टीम ने इसका पीछा करते हुए केवल चार विकेट के नुकसान पर ही 262 रन बनाकर मैच जीत लिया। अब दूसरा मैच जीतते ही टीम इंडिया सीरीज अपने नाम कर लेगी। हालांकि इंग्लैंड की टीम यहां पलटवार कर सकती है।
16 जुलाई को खेला जाएगा भारत बनाम इंग्लैंड दूसरा वनडे मैच
इस बीच सीरीज का दूसरा मैच 16 जुलाई यानी गुरुवार को खेला जाएगा। ये मैच कार्डिफ में होगा। इसके बाद सीरीज का तीसरा और आखिरी मैच 19 जुलाई दिन रविवार को खेला जाना है। ये मैच लंदन के लॉर्ड्स स्टेडियम में होगा। इसके साथ ही इस लंबी सीरीज का समापन हो जाएगा। टीम इंडिया कोशिश करेगी कि टी20 सीरीज में जो जख्म मिले हैं, उस पर कुछ हद तक मरहम लगाई जाए। हालांकि ये काम उतना आसान होगा नहीं।
रोहित शर्मा और विराट कोहली से एक बड़ी पारी की दरकार
सीरीज का पहला मैच भले ही भारतीय टीम ने जीत लिया हो, लेकिन पूर्व कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली सस्ते में आउट हो गए। उनसे एक बड़ी पारी की उम्मीद की जा रही है। दोनों बल्लेबाज काफी वक्त के बाद दोबारा से इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए उतरे हैं। अभी सीरीज में दो मैच और बचे हैं, देखना होगा कि उसमें रोहित और कोहली की जोड़ी कितने रन बनाने में कामयाब होती है। उम्मीद की जानी चाहिए कि दूसरे ही मैच में किसी एक सा फिर दोनों की बड़ी पारी आ जाएगी।

