वॉशिंगटन डीसी: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारतीय अर्थव्यवस्था की तेज रफ्तार की तारीफ करते हुए अमेरिका की मौद्रिक नीति पर सवाल उठाए हैं। ट्रंप ने भारत की कम ब्याज दरों और करीब 7 फीसदी की आर्थिक विकास दर का हवाला देते हुए कहा कि अगर अमेरिका भी ऐसी नीति अपनाए, तो उसकी GDP ग्रोथ 14, 15 फीसदी या यहां तक कि 20 फीसदी तक पहुंच सकती है। उन्होंने अमेरिकी केंद्रीय बैंक फेडरल रिजर्व पर ब्याज दरों के मामले में राजनीतिक रुख अपनाने का आरोप भी लगाया। गौरतलब है कि कुछ दिन पहले ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की तारीफ करते हुए उन्हें ‘टफ मैन’ बताया था।
भारत की अर्थव्यवस्था का उदाहरण देकर क्या बोले ट्रंप?
व्हाइट हाउस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने भारत का उदाहरण दिया। उन्होंने कहा, अगर आप भारत को देखें, तो वहां ब्याज दरें कम हैं और GDP 7 फीसदी है। हमारी GDP 14, 15 या शायद 20 फीसदी तक हो सकती है। ब्याज दरें बहुत ज्यादा हैं क्योंकि हमारे पास एक बेहद राजनीतिक फेड है। वैसे मैं चेयरमैन को दोष नहीं दे रहा हूं, बल्कि इस बात को जिम्मेदार मान रहा हूं कि हमारा फेड बहुत राजनीतिक है। हमारी GDP 4 फीसदी नहीं, बल्कि 15 या 20 फीसदी होगी और मैं बहुत तेजी से कर्ज चुका दूंगा।’
अच्छे आर्थिक आंकड़ों पर ब्याज दरें बढ़ा देते हैं’
ट्रंप ने फेडरल रिजर्व की ब्याज दर नीति पर सवाल उठाते हुए कहा कि अमेरिका के बेहतर आर्थिक आंकड़े आने के बावजूद केंद्रीय बैंक अक्सर ब्याज दरें बढ़ा देता है। उन्होंने कहा कि मौजूदा हालात में दरें बढ़ाने के बजाय उन्हें कम किया जाना चाहिए। ट्रंप के मुताबिक, जब अर्थव्यवस्था मजबूत हो रही हो, तब कम ब्याज दरें आर्थिक गतिविधियों को बढ़ावा देने के साथ देश की कर्ज चुकाने की क्षमता को भी मजबूत कर सकती हैं।
अमेरिका में सबसे कम ब्याज दरें होनी चाहिए’
अमेरिकी राष्ट्रपति ने कहा कि वैश्विक अर्थव्यवस्था में अमेरिका की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण है। उन्होंने दावा किया कि अमेरिका कई देशों की आर्थिक तरक्की में अहम योगदान देता है। ट्रंप के मुताबिक, कुछ देश भले ही खुद को आर्थिक रूप से मजबूत मानते हों, लेकिन उनकी सफलता में अमेरिका की बड़ी भूमिका रही है। ऐसे में उन्होंने जोर दिया कि अमेरिका की ब्याज दरें दुनिया के अन्य देशों की तुलना में सबसे कम होनी चाहिए।
अमेरिका में महंगाई भी फेड के लिए चुनौती
ट्रंप का यह बयान ऐसे वक्त आया है, जब अमेरिका में महंगाई अभी भी फेडरल रिजर्व के 2 फीसदी लक्ष्य से ऊपर बनी हुई है। आंकड़ों के अनुसार, सितंबर में PCE महंगाई दर 3.6 फीसदी रही, जबकि खाद्य और ऊर्जा की कीमतों को छोड़कर कोर PCE 3.1 फीसदी दर्ज की गई। फेडरल रिजर्व महंगाई पर काबू पाने के लिए ब्याज दरों में बदलाव करता है, लेकिन ट्रंप लंबे समय से केंद्रीय बैंक की मौजूदा नीतियों पर सवाल उठाते रहे हैं।

