डिफेंस मिनिस्टर राजनाथ सिंह सोमवार यानि आज लद्दाख के दुरबुक और दौलत बेग ओल्डी के बीच निर्मित रिनचेन ब्रिज का उद्घाटन करेंगे। उनके साथ आर्मी प्रमुख जनरल बिपिन रावत भी मौजूद रहेंगे। भारत के लिए कूटनीतिक अहमियत रखने वाला यह पुल चीन सीमा पर वास्तविक नियंत्रण रेखा (एलएसी) से 40 किमी पहले पूर्व में स्थित है।
यह पुल श्योक नदी पर 14,650 फीट की ऊंचाई पर बनाया गया है। सेना के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, दौलत बेग ओल्डी दुनिया का सबसे ऊंचा एडवांस्ड लैंडिंग ग्राउंड (एयरबेस) है।
लद्दाख रवाना होने से पहले राजनाथ ने ट्वीट में कहा, “नई दिल्ली से लद्दाख रवाना हो रहा हूं। सेना प्रमुख जनरल रावत के साथ लद्दाख के फॉरवर्ड एरिया का दौरा होगा। श्योक नदी के ऊपर भारत के लिए कूटनीतिक रूप से अहम ब्रिज के उद्घाटन समारोह में भी हिस्सा लूंगा।”
इस पुल का निर्माण सीमा सड़क संगठन ने किया है। यह काराकोरम पास से बेहद नजदीक है। यहां से 8 किमी की दूरी पर एलएसी है। यह ब्रिज 1400 फीट लंबा और 13000 फीट की ऊंचाई पर स्थित है। इसके शुरू हो जाने से 14 घंटे की यात्रा साढ़े 6 घंटे में ही पूरी होने लगेगी। यानी 7.5 घंटे कम लगेंगे।