उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले समाजवादी पार्टी ने महिलाओं और आम जनता को लेकर अपने चुनावी वादों से सियासी हलचल तेज कर दी है। अखिलेश यादव की पार्टी 26 नवंबर यानी संविधान दिवस पर अपना ‘जन-मन घोषणापत्र’ जारी करने जा रही है। इस घोषणापत्र में महिलाओं के लिए सालाना 40 हजार रुपये की आर्थिक मदद से लेकर मुफ्त बिजली और रोजगार तक कई बड़े वादे शामिल हो सकते हैं।
सबसे ज्यादा चर्चा ‘स्त्री सम्मान-समृद्धि योजना’ की है। इसके तहत सपा सरकार बनने पर महिलाओं को हर साल 40 हजार रुपये देने का वादा किया गया है। पार्टी का कहना है कि इस योजना को चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा और भविष्य में मिलने वाली राशि बढ़ाई भी जा सकती है।
इसके अलावा महिलाओं को स्वरोजगार शुरू करने के लिए 2 लाख रुपये तक की आर्थिक सहायता देने का प्रस्ताव है। छात्राओं को इंटरमीडिएट पास करने पर मुफ्त लैपटॉप और छात्राओं के लिए मुफ्त बस-मेट्रो यात्रा का वादा भी पहले किया जा चुका है। वहीं, घोषणापत्र में घरेलू उपभोक्ताओं को 300 यूनिट मुफ्त बिजली और गरीब परिवारों को मुफ्त इलाज देने जैसे प्रस्ताव भी शामिल हो सकते हैं।
खास बात यह है कि सपा राज्य के साथ-साथ सभी 75 जिलों के लिए अलग घोषणापत्र तैयार करने की रणनीति पर भी काम कर रही है। अब देखना होगा कि इन वादों से 2027 के चुनाव में सपा को कितना फायदा मिलता है।

