राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी RSS के प्रमुख मोहन भागवत ने Gen Z और देश की युवा पीढ़ी को लेकर बड़ा बयान दिया है। महाराष्ट्र के छत्रपति संभाजीनगर में पद्मा महोत्सव के उद्घाटन कार्यक्रम में उन्होंने युवाओं की सोच, ईमानदारी और देश के प्रति उनके नजरिए पर अपनी बात रखी।
मोहन भागवत ने कहा कि आज की युवा पीढ़ी झूठ को पसंद नहीं करती। वे प्रामाणिकता को महत्व देते हैं और अपने देश को मजबूत बनाना चाहते हैं। उनके मुताबिक, नई पीढ़ी में देश के लिए कुछ बेहतर करने की इच्छा है।
भागवत ने स्वयंसेवकों की भूमिका का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब स्वयंसेवक समाज को परेशानी में देखते हैं, तो वे मदद के लिए आगे आते हैं। वे संसाधनों की चिंता किए बिना जरूरतमंदों की सहायता करने का प्रयास करते हैं।
अपने संबोधन में उन्होंने भगवद्गीता का उदाहरण देते हुए तपस्या के तीन प्रकारों- शारीरिक, वाणी और मानसिक तप का भी उल्लेख किया। मोहन भागवत का यह बयान ऐसे समय आया है, जब देश में युवाओं की भूमिका, उनकी सोच और सामाजिक भागीदारी पर लगातार चर्चा हो रही है।

