प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी इन दिनों तीन दिवसीय फिलीपींस दौरे पर हैं। वह मनीला में आयोजित 23वें आसियान शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने पहुंचे हैं, जहां मंगलवार को उनकी अहम भागीदारी होगी। इस बीच पीएम मोदी ने मनीला स्थित खालसा दीवान गुरुद्वारा का दौरा किया और गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्यों के शिलान्यास समारोह में शामिल हुए।
गुरुद्वारा खालसा दीवान में पीएम मोदी की कार सेवा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आज मनीला के ऐतिहासिक खालसा दीवान गुरुद्वारा में कार सेवा की। यह गुरुद्वारा 100 साल से भी अधिक पुराना है। वर्ष 1929 में मनीला पहुंचे पंजाबी समुदाय के लोगों ने इसका निर्माण कराया था। अब इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे के पुनर्विकास का काम किया जा रहा है।
पीएम मोदी ने दी थी खालसा दीवान कार्यक्रम की जानकारी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोमवार को अपने आधिकारिक X हैंडल के जरिए मनीला के खालसा दीवान गुरुद्वारा के पुनर्विकास कार्यक्रम में शामिल होने की जानकारी दी थी। उन्होंने कहा कि 17 नवंबर उनके लिए खास दिन है और उन्हें इस ऐतिहासिक गुरुद्वारे के पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के मौके पर आयोजित समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिलेगा। पीएम मोदी ने गुरुद्वारे को एक सदी से अधिक पुराना बताते हुए इसके आध्यात्मिक महत्व को भी रेखांकित किया। उन्होंने कहा कि गुरु साहिबानों की शिक्षाओं से प्रेरित सिख समुदाय ने दुनियाभर में अपनी अलग पहचान बनाई है और सेवा व बेहतर समाज के निर्माण में हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
मनीला क्यों पहुंचे हैं पीएम मोदी?
पीएम मोदी मंगलवार को 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें ईस्ट एशिया समिट में हिस्सा लेंगे। आसियान की स्थापना 1967 में हुई थी और इसमें ब्रुनेई, कंबोडिया, इंडोनेशिया, लाओस, मलेशिया, म्यांमा, फिलीपींस, सिंगापुर, थाईलैंड, तिमोर-लेस्ते और वियतनाम समेत 11 देश शामिल हैं। भारत, अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया सहित कई देश इसके संवाद साझेदार हैं। आसियान को दक्षिण-पूर्व एशिया के प्रमुख और प्रभावशाली क्षेत्रीय संगठनों में गिना जाता है। इसके अलावा पीएम मोदी फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड मार्कोस जूनियर के साथ द्विपक्षीय बैठक भी करेंगे, जिसमें दोनों देशों के बीच अहम मुद्दों पर चर्चा होने की उम्मीद है।

