बिहार के किसानों के लिए मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बड़ा ऐलान किया है। राज्य में गन्ना किसानों की आमदनी बढ़ाने और चीनी उद्योग को मजबूत करने के लिए सरकार ने नई पहल शुरू की है। मुख्यमंत्री ने 17 नवंबर को ‘गन्ना विकास रथ-2026’ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
इस मौके पर सम्राट चौधरी ने बताया कि बिहार में फिलहाल 10 चीनी मिलें चालू हैं, जबकि जल्द ही 5 और चीनी मिलें शुरू की जाएंगी। सरकार का लक्ष्य बंद पड़ी पुरानी चीनी मिलों को दोबारा चालू करना और नई मिलों की स्थापना करना है।
गन्ना विकास रथ राज्य के अलग-अलग जिलों में जाकर किसानों को आधुनिक खेती की जानकारी देगा। इसके जरिए किसानों को गन्ने की उन्नत किस्मों, वैज्ञानिक खेती, जैविक खाद और बेहतर उत्पादन के तरीकों के बारे में बताया जाएगा।
इसके अलावा कृषि यंत्रों की खरीद पर मिलने वाली सब्सिडी, प्रमाणित गन्ना बीज पर सहायता और नए क्षेत्रों में मुफ्त बीज की जानकारी भी दी जाएगी। किसानों को डिजिटल सेवाओं से जोड़ने के लिए गन्ना ID और ‘गन्ना साथी’ AI चैटबॉट की सुविधा भी शुरू की जा रही है। सरकार का दावा है कि इस पहल से गन्ना उत्पादन, किसानों की आमदनी और ग्रामीण रोजगार को बढ़ावा मिलेगा।

