बिहार और महाराष्ट्र की राजनीति में छठ पूजा को लेकर विवाद लगातार बढ़ता जा रहा है। अब इस विवाद में आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव की बेटी रोहिणी आचार्य ने मुंबई की पूर्व मेयर और शिवसेना (यूबीटी) नेता किशोरी पेडनेकर को करारा जवाब दिया है। दरअसल, किशोरी पेडनेकर ने लालू प्रसाद यादव को ‘भालू’ और रोहिणी आचार्य को ‘मछली’ कहकर निशाना साधा था। उन्होंने रोहिणी को मुंबई आकर बात करने की चुनौती भी दी थी।
इस बयान से नाराज रोहिणी आचार्य ने सोशल मीडिया पर पलटवार करते हुए लिखा कि कुत्तों के भौंकने से हाथी का कद छोटा नहीं होता। उन्होंने आगे कहा कि मुंबई और महाराष्ट्र किसी की जागीर नहीं हैं। कोई भी यह तय नहीं कर सकता कि बिहार के लोग अपनी संस्कृति, परंपरा और त्योहार कहां मनाएं।
रोहिणी ने यह भी कहा कि इस तरह की टिप्पणियां लालू प्रसाद यादव जैसी बड़ी शख्सियत का कद छोटा नहीं कर सकतीं। दरअसल, यह पूरा विवाद मुंबई में छठ पूजा के आयोजन और राज ठाकरे की टिप्पणियों के बाद शुरू हुआ था। अब दोनों राज्यों के नेताओं के बीच बयानबाजी तेज हो गई है।

