‘मालगुडी डेज’ का नटखट स्वामी, ‘अग्निपथ’ का छोटा अमिताभ… 15 में पिता को खोया, 2 साल में हुए बेरोजगार, फिर एक आइडिया ने बदल दी जिंदगी!

1980 के दशक में दूरदर्शन पर प्रसारित ‘मालगुडी डेज’ ने एक पूरी पीढ़ी के दिल में खास जगह बनाई थी। आर.के. नारायण की कहानियों पर आधारित इस सीरियल में मास्टर मंजूनाथ ने शरारती स्कूली बच्चे स्वामी का किरदार निभाया था। अपनी मासूमियत और दमदार अभिनय से वह घर-घर में मशहूर हो गए थे। इस भूमिका के लिए उन्हें छह अंतरराष्ट्रीय पुरस्कारों के अलावा एक राष्ट्रीय और एक राज्य स्तरीय पुरस्कार भी मिला। हालांकि, एक्टिंग में पहचान बनाने के बाद मंजूनाथ ने ग्लैमर की दुनिया से दूरी बना ली। आगे चलकर उन्होंने आईटी, ई-गवर्नेंस और इंफ्रास्ट्रक्चर जैसे क्षेत्रों में काम करते हुए अपनी एक अलग पहचान बनाई।

इत्तेफाक से फिल्मों में आए थे मास्टर मंजूनाथ
मंजूनाथ ने अभिनय की दुनिया में कदम किसी फिल्मी सपने के साथ नहीं रखा था। उनके माता-पिता का फिल्म इंडस्ट्री से कोई नाता नहीं था। दरअसल, नौकरी के दौरान वे उन्हें घर पर अकेला नहीं छोड़ सकते थे, इसलिए पास के एक फिल्म सेट पर बच्चों की देखभाल के लिए बनाई गई जगह पर छोड़ने लगे। यहीं उनकी किस्मत ने करवट ली। ‘जिमी जिमी’ पॉडकास्ट में मंजूनाथ ने बताया कि एक पार्ट-टाइम प्रोडक्शन मैनेजर की नजर उन पर पड़ी। उन्हें लगा कि मंजूनाथ काफी बातूनी हैं और कैमरे के सामने अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं। इसके बाद उन्होंने उनके माता-पिता को कन्नड़ फिल्म ‘अजीत’ में काम करने के लिए राजी किया। फिल्म में दिग्गज अभिनेता अंबरीश मुख्य भूमिका में थे। इस तरह महज तीन साल की उम्र में मंजूनाथ ने एक्टिंग की दुनिया में अपना पहला कदम रखा।

स्वामी’ बनकर मिली देशभर में पहचान
मंजूनाथ ने महज 3 साल की उम्र से अभिनय शुरू किया और 17 साल की उम्र तक 25 से ज्यादा कन्नड़ और हिंदी फिल्मों में नजर आ चुके थे। इस दौरान उन्होंने अंबरीश, शंकर नाग, अमिताभ बच्चन, अनिल कपूर और सनी देओल जैसे दिग्गज कलाकारों के साथ काम किया। जब निर्देशक शंकर नाग ने उन्हें ‘मालगुडी डेज’ में स्वामी के किरदार के लिए चुना, तब तक मंजूनाथ करीब 23-25 फिल्मों में अभिनय कर चुके थे। हालांकि, स्वामी की भूमिका ने उन्हें देशभर में अलग पहचान दिलाई। उनके सहज अभिनय, मासूमियत और शरारती अंदाज को दर्शकों ने खूब पसंद किया और यही किरदार आगे चलकर उनकी सबसे बड़ी पहचान बन गया।

माता-पिता की एक शर्त ने पढ़ाई को रखा प्राथमिकता
कम उम्र में ही मंजूनाथ ने एक्टिंग की दुनिया में नाम कमा लिया था, लेकिन उनके माता-पिता चाहते थे कि इसका असर उनकी पढ़ाई पर बिल्कुल न पड़े। उन्होंने शुरुआत से ही साफ कर दिया था कि फिल्मों में काम करना कोई पक्का करियर नहीं है। मंजूनाथ ने बताया कि अगर वह किसी परीक्षा में फेल होते, तो उनके माता-पिता उन्हें फिल्मों में काम करने की इजाजत नहीं देते। यह उनके लिए एक तरह की चेतावनी थी, जिसने उन्हें पढ़ाई के प्रति और गंभीर बना दिया। अभिनय के साथ-साथ वह अपनी पढ़ाई पर भी पूरा ध्यान देते थे, क्योंकि फिल्मों में काम जारी रखने के लिए अच्छे अंकों के साथ परीक्षा पास करना जरूरी था।

17 साल की उम्र में खत्म हुआ फिल्मी सफर
मंजूनाथ ने बतौर बाल कलाकार खूब सफलता हासिल की, लेकिन किशोरावस्था में पहुंचते ही उनके लिए फिल्मों के रास्ते मुश्किल होते गए। उस समय कन्नड़ सिनेमा में उनकी उम्र के कलाकारों के लिए ज्यादा भूमिकाएं नहीं थीं। उनके मुताबिक बाल कलाकारों के लिए आगे बढ़ने का कोई स्पष्ट रास्ता नहीं था—या तो वे बच्चों के किरदार निभाते थे या फिर सीधे वयस्क भूमिकाओं में नजर आते थे। ऐसे में 17 साल की उम्र तक उन्होंने फिल्मों से दूरी बना ली। इससे पहले 15 साल की उम्र में उन्होंने अपने पिता को खो दिया था और 17 की उम्र तक वह बेरोजगार हो चुके थे। कुछ समय तक उन्होंने दूरदर्शन के धारावाहिकों में काम जरूर किया, लेकिन उनका फिल्मी करियर लगभग खत्म हो चुका था। उनकी आखिरी फिल्म 1992 में रिलीज हुई तेलुगु फिल्म ‘स्वाति किरणम’ थी, जिसका निर्देशन मशहूर निर्देशक के. विश्वनाथ ने किया था।

कॉफी शॉप में विदेशियों को देखकर सीखा इंटरनेट
फिल्मी दुनिया से दूरी बनाने के बाद मंजूनाथ ने करियर की नई शुरुआत करने का फैसला किया। 1990 के दशक के आखिर में जब बेंगलुरु तेजी से आईटी हब के तौर पर उभर रहा था, तब उन्होंने भी टेक्नोलॉजी की दुनिया में कदम रखने की कोशिश की। उन्होंने OnlineBangalore.com में कंटेंट राइटर की नौकरी के लिए आवेदन किया। खास बात यह थी कि इंटरव्यू के दौरान उन्होंने इंटरनेट चलाना जानने की बात तो कही, लेकिन असल में उन्हें इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं थी। मंजूनाथ ने बताया कि ब्रिगेड रोड स्थित एक कॉफी डे आउटलेट में विदेशियों को कंप्यूटर पर इंटरनेट इस्तेमाल करते देखकर उन्होंने इसकी शुरुआती समझ हासिल की थी। वहां मौजूद तीन कंप्यूटरों के जरिए उन्होंने इंटरनेट की बुनियादी जानकारी सीखनी शुरू की और यहीं से उनके करियर का एक नया अध्याय शुरू हुआ।

एक आइडिया ने बदल दी करियर की दिशा
डॉट-कॉम बूम खत्म होने के साथ ही मंजूनाथ की नौकरी पर भी संकट मंडराने लगा। उनके बॉस ने उन्हें अपनी काबिलियत साबित करने के लिए तीन महीने का वक्त दिया। इसी दौरान उन्हें स्कूल के दिनों की वह भीड़ याद आई, जब परीक्षा परिणाम देखने के लिए छात्र नोटिस बोर्ड के सामने जमा हो जाते थे। यहीं से उन्हें SSLC और PUC के रिजल्ट ऑनलाइन उपलब्ध कराने का आइडिया आया। मंजूनाथ ने सरकारी अधिकारियों से संपर्क कर डेटा साझा करने के लिए उन्हें तैयार किया और NIT व टाइटन जैसी कंपनियों को इस प्रोजेक्ट के लिए स्पॉन्सर बनाया। इसके अलावा उन्होंने नेशनल इंफॉर्मेटिक्स सेंटर के साथ मिलकर इस योजना को आगे बढ़ाया। उनका यह प्रयोग सफल रहा और जल्द ही इस पहल ने तत्कालीन मुख्यमंत्री एसएम कृष्णा समेत कई IAS अधिकारियों का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।

ई-गवर्नेंस से इंफ्रास्ट्रक्चर तक बनाया करियर
ऑनलाइन परीक्षा परिणाम की पहल के बाद मंजूनाथ ने कर्नाटक की कई महत्वपूर्ण ई-गवर्नेंस परियोजनाओं में काम किया। इनमें BBMP की वेबसाइट तैयार करना, प्रॉपर्टी टैक्स के ऑनलाइन भुगतान की सुविधा और ‘भूमि’ परियोजना शामिल थी, जिसके तहत जमीन से जुड़े रिकॉर्ड को डिजिटल रूप देने की दिशा में काम किया गया। इसके बाद उन्होंने इंफ्रास्ट्रक्चर सेक्टर का रुख किया। करीब 18 वर्षों तक वह बेंगलुरु एक्सप्रेसवे कॉरिडोर और NICE पेरिफेरल रोड जैसी बड़ी परियोजनाओं से जुड़े रहे। इस दौरान उन्होंने जमीन अधिग्रहण, अलग-अलग पक्षों के बीच समन्वय और नीतिगत तालमेल जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारियां संभालीं।

अब अपनी कंसल्टेंसी फर्म चला रहे हैं मंजूनाथ
पिछले करीब आठ-नौ वर्षों से मंजूनाथ अपनी कंसल्टेंसी फर्म VIC प्राइवेट लिमिटेड चला रहे हैं। इस फर्म के जरिए वह निजी कंपनियों और सरकार के बीच बेहतर नीतिगत समन्वय बनाने में मदद करते हैं। मंजूनाथ के मुताबिक, इस सफर में कई वरिष्ठ IAS अधिकारियों ने उन्हें सरकार के साथ काम करने के मौके दिए और उनका पूरा सहयोग भी मिला। फिल्मी दुनिया से शुरू हुआ उनका सफर आज कंसल्टेंसी और पॉलिसी से जुड़े काम तक पहुंच चुका है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1