प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि भारत के अलग-अलग देशों के साथ हुए मुक्त व्यापार समझौते (FTA) युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर पैदा कर रहे हैं। रोजगार मेले को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि भारतीय युवाओं की प्रतिभा और कौशल ने वैश्विक स्तर पर भरोसा कायम किया है। दुनिया को अब भारत के युवा इनोवेटर्स, उद्यमियों और युवा शक्ति से बड़ी उम्मीदें हैं।
युवाओं के लिए संभावनाओं के नए द्वार खोल रहे हैं एफटीए
पीएम मोदी ने कहा कि भारत अब तक 40 एफटीए कर चुका है, जिससे युवाओं के लिए नए अवसरों के दरवाजे खुल रहे हैं। इन व्यापार समझौतों से भारतीय उद्यमियों को नई साझेदारियां और विदेशी बाजारों तक पहुंच मिल रही है। साथ ही, युवाओं के लिए रोजगार और करियर की नई संभावनाएं भी पैदा हो रही हैं।
पीएम मोदी ने 51,000 से ज्यादा युवाओं को दिए नियुक्ति पत्र
कार्यक्रम के दौरान पीएम मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए विभिन्न सरकारी विभागों और संगठनों में नियुक्त होने वाले 51 हजार से अधिक युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे। हालिया ब्रिक्स शिखर सम्मेलन का जिक्र करते हुए उन्होंने कहा कि भारत ब्रिक्स सहयोग को सिर्फ सरकारों तक सीमित रखने के पक्ष में नहीं है। इसमें उद्यमियों, किसानों, महिलाओं और युवाओं की भी सक्रिय भागीदारी जरूरी है।
दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप परिवेश है भारत
पीएम मोदी ने कहा कि भारत दुनिया का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्टअप इकोसिस्टम बन चुका है। उन्होंने बताया कि देश में स्टार्टअप अब सिर्फ बड़े शहरों तक सीमित नहीं हैं, बल्कि मान्यता प्राप्त स्टार्टअप्स में करीब आधे छोटे और मझोले शहरों से आते हैं। उन्होंने कहा कि भारत 2047 तक विकसित राष्ट्र बनने के लक्ष्य की दिशा में लगातार आगे बढ़ रहा है।
रेल मंत्रालय, गृह मंत्रालय, रक्षा मंत्रालय में हुई युवाओं की नियुक्ति
प्रधानमंत्री कार्यालय के मुताबिक, नए चयनित उम्मीदवार केंद्र सरकार के राजस्व, रेल, गृह, स्वास्थ्य, वित्तीय सेवा और रक्षा जैसे विभिन्न मंत्रालयों व विभागों में नियुक्त होंगे। अब तक 20 रोजगार मेलों के जरिए सरकारी विभागों और संगठनों में 12.75 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा चुके हैं।

