दिल्ली-NCR में ट्रैफिक जाम की समस्या से निपटने के लिए सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। केंद्र की कैबिनेट ने दिल्ली के लिए करीब 1,789.52 करोड़ रुपये के Intelligent Traffic Management System यानी ITMS को मंजूरी दी है। इस परियोजना को दिल्ली पुलिस लागू करेगी और इसे तीन चरणों में 24 महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद पांच साल तक ऑपरेशन और मेंटेनेंस की व्यवस्था रहेगी।
ITMS के तहत दिल्ली के 42 प्रमुख ट्रैफिक कॉरिडोर को कवर किया जाएगा। इसमें 1,092 Adaptive Traffic Control System लगाए जाएंगे। ये सिस्टम सड़क पर ट्रैफिक की स्थिति के हिसाब से सिग्नल का समय अपने आप बदल सकेंगे। यानी जिस दिशा में ज्यादा वाहन होंगे, वहां ट्रैफिक फ्लो के अनुसार सिग्नल को एडजस्ट किया जा सकेगा।
इसके अलावा 1,029 जगहों पर ट्रैफिक नियमों की निगरानी और ऑटोमेटेड एन्फोर्समेंट की व्यवस्था होगी। तेज रफ्तार, रेड लाइट जंप, गलत दिशा में वाहन चलाने और अवैध पार्किंग जैसी गतिविधियों का पता लगाने में तकनीक मदद करेगी।
सिस्टम में एंबुलेंस जैसे इमरजेंसी वाहनों के लिए ग्रीन कॉरिडोर की सुविधा और यात्रियों को ट्रैफिक, डायवर्जन और पार्किंग से जुड़ी रियल-टाइम जानकारी देने की व्यवस्था भी शामिल है।

