यूपी सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओपी राजभर ने सपा नेता अखिलेश यादव पर निशाना साधा है और बड़ा बयान दिया है। ओपी राजभर ने कहा, “अरे अखिलेश यादव जी, अभी राम गोपाल यादव जी की सिर्फ चिट्ठी का जिक्र किया हूं। खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट के पापियों का नाम लिख दूंगा तो भूचाल आ जाएगा।”
ओपी राजभर ने कहा, “समूचा उत्तर प्रदेश जानता है कि लाल टोपी वाले भ्रष्टचारियों का मास्टरमाइंड कौन है? और किसे बचाने के लिए रामगोपाल यादव समझौता और सौदा कर रहे हैं, सब मालूम है।”
आज ही राजभर ने समाजवादी पार्टी टूटने का दावा किया था
आज ही राजभर ने समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होने की बात कही थी। राजभर ने एक्स पर पोस्ट कर कहा था, “समाजवादी पार्टी में बड़ी टूट होगी। राम गोपाल यादव ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह जी को चिट्ठी सौंपी है। खनन घोटाला और गोमती रिवर फ्रंट घोटाला का मास्टरमाइंड कौन है, पूरा उत्तर प्रदेश जानता है। शिकंजा कस रहा है तो सपा परेशान है। महाराष्ट्र बंगाल छोड़िए, समूची सपा, भाजपा में शामिल होने को तैयार बैठी है।”
अखिलेश ने भी दिया था जवाब
राजभर के समाजवादी पार्टी में टूट वाले बयान के बाद अखिलेश यादव ने भी राजभर को जवाब दिया था। अखिलेश ने अपने एक्स हैंडल पर बिना राजभर का नाम लिए लिखा था, “भविष्यवाणी करने वाले अपनी पार्टी की भविष्यवाणी करें कि उन्हें भाजपा 75 सीट दे रही है, 50 या फिर सिर्फ़ आश्वासन। इन्होंने भाजपा के गठबंधन से 30 सीटें मिलने की अफवाह फैलाकर जो पैसा एडवांस लिया है, वो लोग इन्हें ढूंढ रहे हैं।”
गौरतलब है कि अभी हालही में पश्चिम बंगाल में तृणमूल कांग्रेस में बिखराव हुआ है। महाराष्ट्र में भी उद्धव ठाकरे की पार्टी के सांसद बागी हो गए हैं और वह भी बिखराव की अवस्था में है। ऐसे में अगर समाजवादी पार्टी में वाकई किसी तरह की टूट होती है तो ये देशभर में एक बड़ा सियासी मुद्दा बनेगा और सवाल ये भी खड़ा होगा कि आखिर वो क्या है, जिसकी वजह से सालों से स्थापित पार्टियों में टूट हो रही है।

