भारत सरकार ने देश के नए चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) के तौर पर लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस राजा सुब्रमणि (सेवानिवृत्त) की नियुक्ति की है। नियुक्ति के साथ ही वे कार्यभार संभालने की तारीख से अगले आदेश तक सैन्य मामलों के विभाग (डीएमए) के सचिव की जिम्मेदारी भी निभाएंगे।
कौन हैं एन. एस राजा सुब्रमणि ?
लेफ्टिनेंट जनरल एन.एस राजा सुब्रमणि सितंबर 2025 से राष्ट्रीय सुरक्षा परिषद सचिवालय में सैन्य सलाहकार के रूप में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। इससे पहले वे जुलाई 2024 से जुलाई 2025 तक सेना स्टाफ के उप प्रमुख रहे। वहीं, मार्च 2023 से जून 2024 के दौरान उन्होंने भारतीय सेना की केंद्रीय कमान के जनरल ऑफिसर कमांडिंग-इन-चीफ की जिम्मेदारी संभाली थी।मौजूदा चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) जनरल अनिल चौहान का कार्यकाल 30 मई 2026 को पूरा होने जा रहा है।
CDS का पद कितना अहम है?
चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) का पद देश की सुरक्षा व्यवस्था में बेहद महत्वपूर्ण माना जाता है। CDS का मुख्य काम भारतीय थल सेना, वायु सेना और नौसेना के बीच बेहतर तालमेल और समन्वय सुनिश्चित करना होता है। फिलहाल यह जिम्मेदारी जनरल अनिल चौहान निभा रहे हैं, जिनका कार्यकाल 30 मई 2026 को समाप्त होगा। इसके बाद यह पद लेफ्टिनेंट जनरल एन एस राजा सुब्रमणि संभालेंगे।
भारत में CDS पद की शुरुआत साल 2019 में हुई थी, जब प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने स्वतंत्रता दिवस के मौके पर इसकी घोषणा की थी। देश के पहले CDS जनरल बिपिन रावत बने थे, जिनका 2021 में हेलिकॉप्टर दुर्घटना में निधन हो गया था। उनके बाद जनरल अनिल चौहान को यह जिम्मेदारी सौंपी गई।
दरअसल, कारगिल युद्ध के बाद तीनों सेनाओं के बीच बेहतर समन्वय की जरूरत महसूस की गई थी। युद्ध के दौरान संयुक्त रणनीति और फैसलों में कुछ कमियां सामने आई थीं। इसी को ध्यान में रखते हुए ऐसा पद बनाने का फैसला लिया गया, जो तीनों सेनाओं के बीच तालमेल मजबूत कर सके और रक्षा मामलों में एकीकृत रणनीति तैयार करने में मदद करे।
