बिहार का रण: 17 जिलों की 94 सीटों के लिए आज थम जायेगा प्रचार का शोर, NDA की 50 मौजूदा सीटें दांव पर

विधानसभा के दूसरे चरण में 17 जिलों की 94 सीटों के लिए 3 नवंबर को होने वाले चुनाव के प्रचार का शोर रविवार की शाम 5 बजे खत्म हो जायेगा। NDA में सरकार के मंत्री नंदकिशोर यादव, रामसेवक सिंह, राणा रंधीर सिंह और श्रवण कुमार समेत कई प्रमुख उम्मीदवारों के भाग्य का फैसला इसी चरण में होना है।

पूर्व मंत्री व लालू -राबड़ी के समधी चंद्रिका राय, महागठबंधन में CM पद के दावेदार तेजस्वी यादव, उनके भाई तेजप्रताप यादव, पूर्व सांसद आनंद मोहन के बेटे चेतन आनंद, पूर्व मंत्री मंजू वर्मा की प्रतिष्ठा भी दांव पर लगी है।

राजधानी की सीटों पर भी मंगलवार को वोट डाले जायेंगे। NDA में सबसे अधिक BJP 46 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारी है। 5 सीटों पर VIP और बाकी की 43 सीटों पर JDU के उम्मीदवार होंगे। इसी प्रकार महागठबंधन में RJD 56, कांग्रेस 24, भाकपा माले 6, माकपा 4 और भाकपा के 4 उम्मीदवार हैं।

इस चरण में 18823 मतदान भवनों में बने 41362 मतदान केंद्रों पर कुल 1463 उम्मीदवारों की किस्मत EVM में बंद हो जायेगी। दो करोड़ 86 लाख मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। 23 सीटों पर एक भी महिला प्रत्याशी नहीं है। पुरुष प्रत्याशियों की संख्या 1316 और महिला प्रत्याशी 146 हैं। एक ट्रांसजेंडर प्रत्याशी गोपालगंज जिले के हथुआ विधानसभा क्षेत्र में मैदान में है।

दूसरे चरण में पटना की नौ विधानसभा सीटों पर होने वाले चुनाव को लेकर शनिवार को सभी प्रमुख नेताओं की यहां सभा हुई। BJP, JDU, RJD, भाकपा माले समेत अन्य प्रमुख दलों के नेताओं ने चुनाव प्रचार थमने के एक दिन पूर्व तक पूरी ताकत लगा दी।

CM नीतीश कुमार ने दानापुर में चुनावी सभा की। यह उनकी राजधानी में पहली चुनावी सभा थी। रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने बिहटा और बख्तियारपुर में चुनावी सभाओं को संबोधित किया। वहीं, BJP अध्यक्ष जेपी नड्डा और बिहार BJP प्रभारी भूपेंद्र यादव ने बुद्धिजीवियों के साथ संवाद कर एक बार फिर NDA के लिए वोट मांगे।

उप मुख्यमंत्री सुशील कुमार मोदी ने बख्तियारपुर में रोड शो किया। CM नीतीश कुमार ने पहली बार शनिवार की देर शाम राजधानी से सटे दानापुर में चुनावी सभा की। यहां के बस पड़ाव पर उन्होंने दानापुर व मनेर विधानसभा क्षेत्र के भाजपा प्रत्याशियों के लिए वोट मांगे।

महागठबंधन में CM पद के चेहरे तेजस्वी यादव ने कुम्हरार विधानसभा क्षेत्र में RJD उम्मीदवार डा धर्मेंद्र चंद्रवंशी के पक्ष में जनसभा की। महागठबंधन के दूसरे घटक भाकपा माले के राष्ट्रीय महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने फुलवारीशफ विधानसभा क्षेत्र में कई सभाओं को संबोधित किया।

केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय ने बख्तियारपुर के कालादियारा गांव में NDA प्रत्याशी रणविजय सिंह उर्फ लल्लू मुखिया के पक्ष में चुनावी की। इस सभा में बिहार BJP प्रभारी भूपेंद्र यादव भी मौजूद थे।

रविवार को तेजस्वी यादव की दीघा विधानसभा क्षेत्र में सभा होगी। 3 नवंबर को पटना जिले की 9 विधानसभा सीटों बांकीपुर, दीघा, कुम्हरार, दानापुर, फुलवारी, पटना साहेब, बख्तियारपुर, मनेर और फतुहा में वोट डाले जायेंगे।

Leave a Comment

Your email address will not be published.

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1