राजा रघुवंशी मर्डर केस मामले की आरोपी सोनम रघुवंशी को बड़ी राहत मिल गई है। सुप्रीम कोर्ट ने सोनम रघुवंशी की जमानत रद्द करने से इनकार कर दिया है। सुप्रीम कोर्ट ने मेघालय सरकार की याचिका पर नोटिस जारी किया है। अब अगले हफ्ते गुरुवार को इसकी सुनवाई होगी। दरअसल, आरोपी सोनम रघुवंशी को मेघालय हाईकोर्ट की तरफ से दी गई जमानत के खिलाफ मेघालय सरकार ने सर्वोच्च अदालत का दरवाजा खटखटाया था। बीते गुरुवार को सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने केस को मेंशन करते हुए कहा कि यह बहुत ही गंभीर मामला है और इस याचिका पर जल्द से जल्द सुनवाई होनी चाहिए। इसके बाद सुप्रीम कोर्ट इस केस की सुनवाई करने के लिए तैयार हो गया था।
हम बेल पर रोक लगाने के इच्छुक नहीं- सुप्रीम कोर्ट
सोनम रघुवंशी के मामले पर सुनवाई करते हुए सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि सोनम रिहा हो चुकी है, हम बेल पर रोक लगाने के इच्छुक नहीं हैं। इसके बाद मेघालय सरकार की अर्जी पर सोनम रघुवंशी को नोटिस जारी किया। फिर, सुप्रीम कोर्ट ने कहा कि वह पहले देखेगा कि ट्रायल कैसे चल रहा है। साथ ही, सोनम रघुवंशी की जमानत को बरकरार रखा।
तीन बार बेल रद्द करके चौथी बार में उसी जज ने क्यों दी जमानत?
जान लें कि सोनम रघुवंशी की जमानत के खिलाफ याचिका की सुनवाई जस्टिस एमएम सुंदरेश और जस्टिस शील नागू की बेंच ने की। सुनवाई के दौरान सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने कहा, ‘यह चौंकाने वाला और हत्या का मामला है। ऐसे में हाईकोर्ट की ओर से जमानत देना गलत है। जिस जज ने तीन बार जमानत याचिका को रद्द कर दिया था, उसी जज ने चौथी बार जमानत दे दी। जबकि इस मामले में सप्लीमेंट्री चार्जशीट दाखिल की जा चुकी है।’
सुनियोजित था राजा रघुवंशी का हत्याकांड
सुनवाई के दौरान, सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने आगे कहा कि मैं बस चार पेज दिखाऊंगा। वे दोनों हनीमून के लिए मेघालय जाते हैं। यह पहले से तय किया गया मर्डर था। पत्नी अपने पति को पहाड़ी इलाके में ले जाती है। हमले में शामिल होती है। फिर, उसकी हत्या कर दी जाती है और फिर लाश को खाई में फेंक दिया जाता है। महिला तीन हमलावरों को साथ ले गई थी और उसने खुद भी उसकी हत्या की। भागने के बाद उसे UP से गिरफ्तार किया गया।
राजा रघुवंशी हत्याकांड की कहानी
इंदौर के कारोबारी राजा रघुवंशी की मई, 2025 में सोनम रघुवंशी से शादी हुई थी। फिर, दोनों हनीमून के लिए मेघालय की राजधानी शिलांग गए थे। इस दौरान, राजा रघुवंशी के लापता होने की बात सामने आई और फिर कुछ दिन बाद उनकी बॉडी बरामद की गई थी। मामले की जांच हुई तो खुलासा हुआ था कि राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम रघुवंशी का राज कुशवाहा नामक युवक से कथित प्रेम संबंध था। इन्हीं दोनों ने मिलकर कथित रूप से हनीमून के बहाने राजा के मर्डर का प्लान किया था। इस केस में पुलिस ने सोनम रघुवंशी सहित 8 लोगों को गिरफ्तार किया था।

