एक समय था जब मऊ (Mau) से लेकर आसपास के तमाम जिलों में माफिया डॉन और विधायक मुख्तार अंसारी (Mafia Don Mukhtar Ansari) की तूती बोलती थी। कभी मुख्तार अंसारी खुली जिप्सी की छत पर सवार दिखता था और क्षेत्र में भ्रमण करता था। इस दौरान हाई सिक्योरिटी प्राप्त बाहुबली विधायक से गुहार लगाने जनता की भीड़ उमड़ती थी। वहीं आज उसी मुख्तार अंसारी को व्हीलचेयर पर बैठे देख चर्चाओं का बाजार गर्म है। उसका जिप्सी पर सवार वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है।
दरअसल माफिया मुख्तार अंसारी को इस समय यूपी पुलिस पंजाब की रोपड़ जेल से यूपी की बांदा जेल ला रही है। करीब 150 पुलिसकर्मियों की फौज काफिले में चल रही है। मुख्तार अंसारी को लेकर पंजाब और यूपी सरकार कोर्ट में जिरह करती दिखाई दीं। आखिरकार सुप्रीम कोर्ट आदेश दिया कि मुख्तार को फौरन यूपी की बांदा जेल शिफ्ट किया जाए।
मुख्तार के खिलाफ यूपी सहित दूसरे राज्यों में करीब 52 मुकदमे दर्ज हैं। फिलहाल 15 मुकदमे ट्रायल पर हैं। एक ऐसा भी समय था जब पूर्वांचल के जिलों में जीत हासिल करने के लिए सियासतदानों को मुख्तार से करीबी रखते साफ देखा गया। वह जेल में रहे या बाहर, चुनाव आराम से जीतता रहा।
बता दें मुख्तार अंसारी का इंटर स्टेट गैंग नंबर है आईएस 191। इसका सरगना है मुख़्तार अंसारी। मुख्तार अंसारी जिला गाजीपुर के थाना मोहम्मदाबाद का हिस्ट्रीशीटर है। मुख्तार की हिस्ट्रीशीट का नंबर है 16बी। मुख्तार के खिलाफ उत्तर प्रदेश और अन्य राज्यों में करीब 52 मुकदमे दर्ज हैं।
यूपी में योगी आदित्यनाथ के मुख्यमंत्री बनने के बाद स्थितियां तेजी से बदल गईं। योगी सरकार ने मुख्तार, उसके मददगार और गिरोह के मेंबर्स पर सख्त कार्यवाही की। अवैध धंधों से मुख्तार की कमाई गई संपत्ति को गैंगस्टर एक्ट के तहत कुर्क किया जा रहा है। अवैध निर्माणों को जमींदोज किया जा रहा है। मुख्तार उसके गैंग मेंबर और मददगारों के कब्जे से 192 करोड़ों रुपए की संपत्ति कुर्क की गई है या ध्वस्त की गई है। इस गैंग की अन्य बेनामी अवैध संपत्तियों की पहचान की जा रही है।
योगी सरकार में मुख्तार गैंग के कुल 98 आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके हैं। इनमें से 75 आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्यवाही भी की गई है। गैंगस्टर एक्ट के प्रावधानों के तहत इनकी संपत्तियों को भी ज़ब्त करने की कार्यवाही चल रही है। मुख्तार गैंग के 72 असलहा लाइसेंसों को निरस्त किया गया है। मुख्तार गैंग से जुड़े सात ठेकेदारों के खिलाफ भी कार्रवाई की गई है। मुख्तार के खिलाफ 15 मुकदमे ट्रायल पर है जिनमें प्रभावी पैरवी भी की जा रही है।