कोच्चि में रविवार तड़के एक तेज रफ्तार मर्सिडीज-बेंज कार ने स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे 54 वर्षीय व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार एक एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज का 17 वर्षीय बेटा चला रहा था। हादसा चेरानेल्लूर के पास रात करीब 2 से 3 बजे के बीच हुआ। मृतक की पहचान मंजली निवासी जयाबालकृष्णन के रूप में हुई है।
जज के नाम पर थी गाड़ी
पुलिस के मुताबिक, मर्सिडीज-बेंज कार ने स्कूटर को पीछे से टक्कर मारी, जिससे सवार की मौत हो गई। कार एक जज के नाम पर रजिस्टर्ड है। हादसे के बाद 17 वर्षीय किशोर को पुलिस हिरासत में लिया गया है। मामले में लापरवाही से गाड़ी चलाने और उससे मौत होने से जुड़ी BNS की धाराओं के तहत केस दर्ज किया गया है। शुरुआती जांच में किशोर के शराब पीने की पुष्टि नहीं हुई है, हालांकि आगे की जांच के लिए उसके ब्लड सैंपल लिए गए हैं।
स्कूटर सवार की मौके पर मौत
मृतक की भतीजी के मुताबिक, उनके चाचा खाने-पीने का स्टॉल लगाकर परिवार का गुजारा करते थे। वह घर लौट रहे थे, तभी यह हादसा हो गया। उसने बताया कि टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उस पर रखा सामान सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गया। भतीजी ने कहा कि उनके चाचा की मौके पर ही मौत हो गई।
जज पर बदतमीजी करने का आरोप
महिला ने आरोप लगाया कि पुलिस स्टेशन में जब उसने जज से नाबालिग बेटे को कार चलाने की अनुमति देने पर सवाल किया, तो उन्होंने उसके साथ दुर्व्यवहार किया। उसने कहा कि वह इस मामले को आगे बढ़ाएगी। साथ ही, उसने लोगों से अपील की कि बिना ड्राइविंग लाइसेंस के कोई भी वाहन न चलाए, ताकि ऐसी घटनाओं से सबक लिया जा सके।
मैसूर में बस और ट्रक की टक्कर में 4 लोगों की मौत
इससे पहले 16 अक्टूबर की सुबह कर्नाटक के हुंसूर के पास पेरियापटना में एक भीषण सड़क हादसा हुआ था। यहां केरल के कोझिकोड से बेंगलुरु जा रही ‘कावेरी टूर एंड ट्रैवल्स’ की एसी स्लीपर बस की ट्रक से आमने-सामने टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई, जबकि 14 अन्य घायल हो गए।

