केतन अग्रवाल हत्याकांड में मृतक के पिता विशाल अग्रवाल ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू को भावुक पत्र लिखकर बेटे के लिए जल्द न्याय की मांग की है. उन्होंने मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने और दोषियों को कड़ी से कड़ी सजा दिलाने की अपील की है.
राष्ट्रपति को लिखे पत्र में विशाल अग्रवाल ने कहा कि वह किसी उद्योगपति या प्रभावशाली व्यक्ति के तौर पर नहीं, बल्कि एक ऐसे पिता के रूप में न्याय मांग रहे हैं, जिसने अपने बेटे को हमेशा के लिए खो दिया है. उन्होंने लिखा कि बेटे की निर्मम हत्या के बाद उनका पूरा परिवार बिखर गया है और हर दिन इसी उम्मीद में गुजर रहा है कि आखिर केतन को न्याय कब मिलेगा.
बेटे के बाद पिता को भी खोया
पत्र में उन्होंने यह भी बताया कि बेटे की मौत के महज 20 दिनों के भीतर उन्होंने अपने पिता को भी खो दिया. उनके अनुसार, पोते की मौत का सदमा उनके पिता बर्दाश्त नहीं कर सके और लगातार तनाव के कारण उनकी भी मृत्यु हो गई. उन्होंने कहा कि 20 दिनों के भीतर उन्होंने अपना बेटा और पिता दोनों को खो दिया, जिससे पूरा परिवार टूट गया है.
मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराने की मांग
विशाल अग्रवाल ने राष्ट्रपति से अनुरोध किया कि इस मामले की सुनवाई फास्ट ट्रैक कोर्ट में कराई जाए ताकि जल्द से जल्द न्याय मिल सके. उनका कहना है कि न्याय में देरी पीड़ित परिवार के दर्द को और बढ़ा देती है तथा दोषियों को कानून के मुताबिक कठोरतम सजा मिलनी चाहिए.
उन्होंने पत्र के अंत में भावुक अपील करते हुए कहा कि उनका बेटा अब वापस नहीं आएगा, लेकिन दोषियों को कड़ी सजा मिलनी चाहिए ताकि समाज में यह संदेश जाए कि ऐसे जघन्य अपराध किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे. साथ ही उन्होंने राष्ट्रपति से मामले में व्यक्तिगत हस्तक्षेप कर शीघ्र न्याय सुनिश्चित करने की गुहार लगाई है.

