वेस्टइंडीज के खिलाफ पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में भारतीय टीम को रांची में हार का सामना करना पड़ा। टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 249 रन बनाए, लेकिन इसके बावजूद जीत हासिल नहीं कर सकी। इस मैच में साल 2026 में भारतीय टीम में वापसी करने वाले ईशान किशन ने एक बार फिर शानदार बल्लेबाजी की। उन्होंने महज 22 गेंदों में 43 रन बनाए। इस पारी के दौरान ईशान ने एक खास उपलब्धि अपने नाम की। इसके साथ ही वह टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में एक साल के भीतर 50 से ज्यादा छक्के लगाने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए।
ईशान T20I में एक साल में 50 प्लस छक्के लगाने वाले बने तीसरे भारतीय
साल 2026 में ईशान किशन टी20 इंटरनेशनल क्रिकेट में शानदार फॉर्म में नजर आ रहे हैं। वह मौजूदा आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में पहले स्थान पर भी काबिज हैं। वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मुकाबले में 43 रनों की पारी के दौरान उन्होंने दो छक्के लगाए। इसके साथ ही ईशान एक कैलेंडर वर्ष में टी20 इंटरनेशनल में 50 या उससे ज्यादा छक्के लगाने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। ईशान से पहले सूर्यकुमार यादव एक बार, जबकि अभिषेक शर्मा दो बार यह उपलब्धि हासिल कर चुके हैं। वहीं, एक साल में टी20 इंटरनेशनल में सबसे ज्यादा छक्के लगाने का भारतीय रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम है। उन्होंने 2022 में कुल 68 छक्के जड़कर यह रिकॉर्ड बनाया था।
एक साल में T20I में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
•सूर्यकुमार यादव – 68 छक्के (साल 2022)
•अभिषेक शर्मा – 63 छक्के (साल 2026)
•अभिषेक शर्मा – 54 छक्के (साल 2025)
•ईशान किशन – 51 छक्के (साल 2026)
•सूर्यकुमार यादव – 43 छक्के (साल 2023)
सूर्यकुमार यादव का रिकॉर्ड तोड़ने से ईशान 80 रन दूर
टी20 इंटरनेशनल में एक कैलेंडर वर्ष के दौरान भारतीय टीम की ओर से सबसे ज्यादा रन बनाने का रिकॉर्ड फिलहाल सूर्यकुमार यादव के नाम दर्ज है। हालांकि, ईशान किशन अब इस रिकॉर्ड को तोड़ने के बेहद करीब पहुंच गए हैं। सूर्यकुमार ने साल 2022 में 1,164 रन बनाए थे, जबकि ईशान किशन साल 2026 में अब तक 1,085 रन अपने नाम कर चुके हैं। ऐसे में उन्हें सूर्या का रिकॉर्ड तोड़कर नया कीर्तिमान बनाने के लिए सिर्फ 80 और रनों की जरूरत है।

