भारत और पाकिस्तान के बीच एक बार फिर क्रिकेट के मैदान पर रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। ACC अंडर-19 एशिया कप 2026 के फाइनल में दोनों टीमें खिताब के लिए भिड़ेंगी। भारतीय टीम ने सेमीफाइनल में अफगानिस्तान को 8 विकेट से शिकस्त देकर फाइनल का टिकट कटाया है। अब टीम इंडिया की नजरें पाकिस्तान को हराकर ग्रुप स्टेज में मिली हार का बदला लेने और ट्रॉफी अपने नाम करने पर होंगी। भारतीय अंडर-19 टीम के लिए यह मुकाबला काफी अहम रहने वाला है। टीम ने आखिरी बार 2021 में U19 एशिया कप का खिताब जीता था। इसके बाद खेले गए पिछले दो फाइनल में उसे हार झेलनी पड़ी। ऐसे में इस बार भारतीय युवा टीम खिताबी सूखे को खत्म करने और चैंपियन बनने के इरादे से मैदान पर उतरेगी।
लक्ष्य की कप्तानी में भारत फाइनल में पहुंचा
अफगानिस्तान के खिलाफ सेमीफाइनल मुकाबले में भारतीय टीम का प्रदर्शन शानदार रहा। पहले बल्लेबाजी करने उतरी अफगानिस्तान की टीम ने निर्धारित 50 ओवर में 8 विकेट गंवाकर 227 रन बनाए। भारत की तरफ से ईशान सूद ने बेहतरीन गेंदबाजी करते हुए 43 रन देकर 3 विकेट अपने नाम किए। 228 रनों के लक्ष्य का पीछा करने उतरी भारतीय टीम को कप्तान लक्ष्य रायचंदानी और आर्यवीर सहवाग ने दमदार शुरुआत दिलाई। दोनों बल्लेबाजों ने पहले विकेट के लिए 17 ओवर में 117 रन जोड़कर टीम की जीत की नींव रखी। आर्यवीर सहवाग ने 51 रनों का योगदान दिया, जबकि लक्ष्य रायचंदानी शतक के करीब पहुंचकर 93 रन बनाकर आउट हुए। उन्होंने अपनी पारी में 90 गेंदों का सामना करते हुए 13 चौके और एक छक्का लगाया। इसके बाद वीके विनीत ने मोर्चा संभाला और 57 रनों की नाबाद पारी खेली। उनकी शानदार बल्लेबाजी की बदौलत भारत ने महज 36.5 ओवर में 2 विकेट के नुकसान पर 230 रन बनाकर मुकाबला अपने नाम कर लिया। इस तरह भारतीय टीम ने अफगानिस्तान को 8 विकेट से हराकर फाइनल में जगह पक्की कर ली। वहीं, पाकिस्तान ने पहले सेमीफाइनल में बांग्लादेश को 9 विकेट से करारी शिकस्त देकर फाइनल में अपनी जगह पक्की की। अब खिताब के लिए भारत और पाकिस्तान के बीच रोमांचक मुकाबला देखने को मिलेगा। खास बात यह है कि पाकिस्तान मौजूदा चैंपियन है। ऐसे में फाइनल में दोनों टीमों के बीच ट्रॉफी जीतने के साथ अपना दबदबा साबित करने की भी जंग होगी।
कब और कहां खेला जाएगा IND vs PAK फाइनल?
भारत और पाकिस्तान के बीच U19 एशिया कप 2026 का फाइनल मुकाबला शनिवार, 14 नवंबर को खेला जाएगा। दोनों टीमें ओमान के अल अमेरात क्रिकेट ग्राउंड (मिनिस्ट्री टर्फ-2) में खिताब के लिए आमने-सामने होंगी। भारतीय समयानुसार मैच की शुरुआत सुबह 10:30 बजे होगी, जबकि टॉस 10 बजे किया जाएगा।
भारत में कहां देखें IND vs PAK मैच LIVE?
भारत-पाकिस्तान के बीच U19 एशिया कप 2026 के फाइनल का सीधा प्रसारण टीवी पर Sony Sports Network के चैनलों पर होगा। वहीं, मोबाइल और लैपटॉप पर मैच का लाइव आनंद लेने के लिए दर्शक SonyLIV ऐप या उसकी वेबसाइट पर जा सकते हैं।

