दिल्ली में बीजेपी मुख्यालय पर आयोजित दिवाली मिलन समारोह इस बार खास चर्चा में है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस कार्यक्रम में पार्टी नेताओं और अन्य लोगों के साथ दीपावली की खुशियां साझा कीं। इस दौरान उनके संबोधन और ‘नॉन ब्रेकिंग’ वाले बयान को लेकर भी लोगों की दिलचस्पी बढ़ गई है। समारोह में प्रधानमंत्री मोदी ने अपने लंबे राजनीतिक सफर और देश में हुए बदलावों का जिक्र किया। उन्होंने बताया कि सार्वजनिक जीवन में करीब 25 वर्षों के दौरान देश ने कई क्षेत्रों में विकास की दिशा में कदम बढ़ाए हैं।
पीएम मोदी ने रेलवे, उज्ज्वला योजना, एक्सप्रेस-वे और चिनाब नदी पर बने रेलवे पुल जैसी परियोजनाओं का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि सरकार ने जो लक्ष्य तय किए, उन्हें पूरा करने की दिशा में काम किया गया है। इस मौके पर उन्होंने विकसित भारत 2047 के लक्ष्य का भी जिक्र किया और लोगों से इसमें योगदान देने की अपील की। समारोह में बीजेपी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं की मौजूदगी रही। अब सवाल यही है कि पीएम मोदी ने ‘नॉन ब्रेकिंग’ शब्द किस संदर्भ में कहा और उनके इस अंदाज के पीछे क्या बात थी?
आजादी की तरह विकसित भारत के लिए भी छोटे लक्ष्य तय करने होंगे
पीएम मोदी ने कहा कि वर्ष 2047 की डेडलाइन का मतलब यह नहीं है कि हमें तब तक इंतजार करना है. इसके लिए अभी से लगातार काम करना होगा. उन्होंने आजादी के आंदोलन का उदाहरण देते हुए कहा कि पूर्ण स्वराज का लक्ष्य एक-दो दिन में पूरा होने वाला नहीं था. उस समय भी धीरे-धीरे छोटे लक्ष्य तय किए गए और उन्हें हासिल किया गया. इससे लोगों में विश्वास पैदा हुआ कि देश को आजादी जरूर मिलेगी और पूरा देश इस संकल्प के साथ खड़ा हो गया.
उन्होंने कहा कि विकसित भारत के लक्ष्य तक पहुंचने के लिए भी देश में ऐसा ही विश्वास पैदा करना होगा. छोटे-बड़े अनेक लक्ष्य तय करने होंगे और उन्हें पूरा करते हुए आगे बढ़ना होगा. इसी रास्ते से भारत विकसित राष्ट्र बनने के अपने संकल्प को पूरा कर सकेगा.
मीडिया देश की सफलताओं से जुड़ी कहानियों को आगे बढ़ाए: पीएम मोदी
प्रधानमंत्री ने मीडिया से देश की उपलब्धियों को प्रमुखता से सामने लाने की अपील की. उन्होंने कहा कि वह अपने ‘मन की बात’ कार्यक्रम के जरिए लगातार कोशिश करते हैं कि देश की उपलब्धियों और देश के लोगों की सफलता को मंच मिल सके.
पीएम मोदी ने कहा, “मैं देश के मीडिया से भी आग्रह करूंगा कि भारत की सफलताओं से जुड़ी स्टोरीज पर काम करिए, उन्हें आगे बढ़ाइए. यह आपकी तरफ से बहुत बड़ी देशसेवा होगी.” उन्होंने कहा कि देश में हो रहे सकारात्मक बदलावों और उपलब्धियों की जानकारी लोगों तक पहुंचाना भी विकसित भारत के अभियान को आगे बढ़ाने में मदद करेगा.
युवाओं को नशे से बाहर निकालने के लिए मीडिया से मांगा सहयोग
पीएम मोदी ने नशे की समस्या को लेकर भी मीडिया से सहयोग मांगा. उन्होंने कहा कि अब नशे के खिलाफ भी वैसी ही जागरूकता पैदा करने की जरूरत है. युवाओं को नशे से बाहर निकालना बेहद जरूरी है. उन्होंने कहा कि सामाजिक सरोकार से जुड़े मुद्दों और देश में एकता बढ़ाने वाले विषयों को मीडिया अपने मंचों पर जगह दे और उन्हें बहस का हिस्सा बनाए. इससे समाज में जागरूकता बढ़ेगी और विकसित भारत के अभियान को भी गति मिलेगी.

