भारत और इंग्लैंड के बीच टी20 सीरीज अब रोमांचक मोड़ पर पहुंच गई है। पहले मुकाबले में बारिश ने खेल बिगाड़ दिया था, जबकि दूसरे मैच में इंग्लैंड ने चार विकेट से जीत दर्ज कर सीरीज में बढ़त बना ली। अब तीसरे टी20 से पहले टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में बदलाव की चर्चा तेज है। दूसरे मैच में महंगे साबित हुए गेंदबाज को बाहर बैठाया जा सकता है, जबकि उनकी जगह नए खिलाड़ी को मौका मिलने की संभावना है।
रवि बिश्नोई के एक ओवर में मैच भारत के हाथ से चल गया
टीम इंडिया अब 7 जुलाई को होने वाले तीसरे टी20 में वापसी के इरादे से उतरेगी। दूसरे मुकाबले में तीन स्पिनरों के साथ उतरने का फैसला सवालों के घेरे में रहा, खासकर रवि बिश्नोई का प्रदर्शन टीम पर भारी पड़ा। 17वें ओवर में उनकी लगातार दो नो-बॉल के बाद मिली फ्री-हिट पर इंग्लैंड ने दो छक्के जड़ दिए, जिससे मैच भारत की पकड़ से फिसल गया। बिश्नोई के इस महंगे ओवर के बाद तीसरे टी20 में उनकी जगह एक अतिरिक्त तेज गेंदबाज को मौका मिलने की संभावना जताई जा रही है।
प्रिंस यादव की हो सकती है टीम इंडिया की प्लेइंग इलेवन में एंट्री
दूसरे टी20 में रवि बिश्नोई पूरी तरह बेअसर रहे। उन्होंने अपने चार ओवर में 60 रन लुटाए और एक भी विकेट हासिल नहीं कर सके। ऐसे में ट्रेंट ब्रिज में होने वाले तीसरे मुकाबले के लिए उनकी जगह तेज गेंदबाज प्रिंस यादव को मौका मिल सकता है। प्रिंस ने आयरलैंड के खिलाफ अपने टी20 इंटरनेशनल डेब्यू में तीन विकेट लेकर प्रभावित किया था, लेकिन उसके बाद उन्हें टीम से बाहर बैठना पड़ा। अब उनके लिए वापसी का मौका बनता दिख रहा है।
टीम इंडिया को पहले बैटिंग करते हुए बनाना होगा बड़ा स्कोर
इंग्लैंड के खिलाफ पहले दो टी20 मुकाबलों में टीम इंडिया ने 189 और 190 रन बनाए, लेकिन दूसरे मैच में इंग्लिश टीम ने 190 रन का लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया। ऐसे में तीसरे टी20 में अगर भारत पहले बल्लेबाजी करता है, तो जीत की मजबूत दावेदारी के लिए 200 से ज्यादा का स्कोर बनाना जरूरी माना जा रहा है। वहीं, डेब्यू करने वाले वैभव सूर्यवंशी पहले मैच में उम्मीद के मुताबिक प्रदर्शन नहीं कर सके। अब तीसरे मुकाबले में उनकी बल्लेबाजी पर भी सभी की नजरें रहेंगी।
भारतीय क्रिकेट टीम: श्रेयस अय्यर (कप्तान), अभिषेक शर्मा, वैभव सूर्यवंशी, इशान किशन (विकेटकीपर), तिलक वर्मा, शिवम दुबे, अक्षर पटेल, हर्षित राणा, वरुण चक्रवर्ती, अर्शदीप सिंह, रवि बिश्नोई, प्रसिद्ध कृष्णा, सूर्यांश शेडगे, वॉशिंगटन सुंदर।
इंग्लैंड क्रिकेट टीम:हैरी ब्रूक (कप्तान), फिल सॉल्ट, जोस बटलर (विकेटकीपर), टॉम बैंटन, जैकब बेथेल, सैम कुरन, विल जैक्स, जोफ्रा आर्चर, लियाम डॉसन, आदिल रशीद, जोश टंग, जॉर्डन कॉक्स, सन्नी बेकर, ल्यूक वुड, साकिब महमूद, रेहान अहमद, जेम्स कोल्स।
