काराकास : विनाशकारी भूकंप के बाद गंभीर संकट का सामना कर रहे वेनेजुएला में भारत का राहत अभियान लगातार जारी है। भारतीय सेना और राहत दल प्रभावित लोगों तक हरसंभव सहायता पहुंचाने में जुटे हैं। इस मानवीय सहयोग के लिए वेनेजुएला के लोगों ने भारत के प्रति आभार व्यक्त करते हुए मुश्किल समय में साथ खड़े रहने के लिए धन्यवाद दिया है।
सेना के फील्ड हॉस्पिटल में मिल रही सुविधाओं पर जताया आभार
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर कई वीडियो साझा किए हैं, जिनमें वेनेजुएला के प्रभावित परिवार भारत के प्रति अपना आभार व्यक्त करते दिखाई दे रहे हैं। इन वीडियो में स्थानीय लोगों ने भारतीय सेना द्वारा स्थापित फील्ड हॉस्पिटल में मिल रही बेहतर चिकित्सा सुविधाओं और राहत सेवाओं की सराहना करते हुए भारत को धन्यवाद कहा।
भारतीय मेडिकल स्पेशलिस्ट की सेवाओं की तारीफ
एक अन्य वीडियो में फील्ड हॉस्पिटल से इलाज प्राप्त करने वाली एक महिला ने भारत के प्रति अपनी कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने भारतीय सेना की मेडिकल टीम द्वारा दी गई उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं, संवेदनशील देखभाल और विशेषज्ञ डॉक्टरों के समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि संकट की इस घड़ी में भारत की मदद उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण साबित हुई।
पिछले 60 वर्षों में ऐसी मेडिकल सर्विस नहीं देखी’
विदेश मंत्रालय द्वारा साझा किए गए एक अन्य वीडियो में वेनेजुएला की एक स्थानीय महिला ने कहा कि भारत की ओर से स्थापित फील्ड हॉस्पिटल प्रभावित लोगों के लिए बड़ी राहत बनकर उभरा है और इसके लिए वह भारत की दिल से आभारी हैं। वहीं एक अन्य स्थानीय नागरिक ने भारतीय सेना की चिकित्सा सेवाओं की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले 60 वर्षों में उन्होंने इतनी आधुनिक, संवेदनशील और उच्च स्तर की स्वास्थ्य सुविधा कभी नहीं देखी।
भारत में वेनेजुएला के दूतावास ने भी काराकस में भारतीय सेना द्वारा स्थापित फील्ड हॉस्पिटल की तस्वीरें साझा करते हुए इस मानवीय पहल की सराहना की। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी पोस्ट में दूतावास ने बताया कि 24 जून के भूकंप से प्रभावित लोगों को तत्काल चिकित्सा सहायता उपलब्ध कराने के लिए ला रिंकोनाडा क्षेत्र में फील्ड हॉस्पिटल स्थापित किया गया है। यह अभियान भारत और वेनेजुएला के बीच मानवीय सहयोग के तहत संचालित किया जा रहा है, जिसमें विशेष रूप से प्रशिक्षित भारतीय सैन्य चिकित्सा दल तैनात है।
वेनेजुएला में भारतीय सेना का ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’
वेनेजुएला में आए भीषण भूकंप के बाद भारत ने ‘ऑपरेशन अमिस्ताद’ के तहत व्यापक मानवीय सहायता अभियान शुरू किया है। इस मिशन के अंतर्गत राहत एवं बचाव दल, फील्ड हॉस्पिटल, आवश्यक दवाइयां और अन्य राहत सामग्री प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचाई गई है। लगातार बढ़ते जान-माल के नुकसान के बीच भारत की इस त्वरित मदद का वेनेजुएला के विदेश मंत्रालय ने स्वागत करते हुए इसके लिए आभार व्यक्त किया।
मृतकों की संख्या 1700 के पार पहुंची
मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, वेनेजुएला में आए विनाशकारी भूकंप के बाद हालात लगातार गंभीर बने हुए हैं। नेशनल असेंबली के अध्यक्ष जॉर्ज रोड्रिगेज ने बताया कि मृतकों की संख्या बढ़कर 1,719 हो गई है, जबकि 22,619 से अधिक लोग इस आपदा से प्रभावित हुए हैं। इनमें 5,034 लोग घायल बताए गए हैं। अब तक 855 इमारतें क्षतिग्रस्त हुई हैं, जिनमें से 189 पूरी तरह ढह चुकी हैं। वहीं, 24 जून को आए मुख्य भूकंप के बाद 609 आफ्टरशॉक दर्ज किए गए हैं। अमेरिकी भूवैज्ञानिक सर्वेक्षण (USGS) का अनुमान है कि स्थिति और बिगड़ने पर मृतकों का आंकड़ा 10,000 से अधिक तक पहुंच सकता है।
