भारत और जापान की क्रिकेट टीमें पहली बार T20 इंटरनेशनल मुकाबले में आमने-सामने होने जा रही हैं। इस ऐतिहासिक मैच से पहले टीम इंडिया ने नई दिल्ली में भारत में जापान के राजदूत ओनो केइची से खास मुलाकात की। कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में भारतीय खिलाड़ियों ने राजदूत से मुलाकात की, जहां उन्होंने BCCI प्रेसिडेंट मिथुन मनहास और टीम इंडिया को जापान का पारंपरिक गुडलक प्रतीक ‘दारुमा’ भेंट किया। दोनों देशों के बीच क्रिकेट के बढ़ते रिश्तों के लिहाज से इस मुलाकात को अहम माना जा रहा है।
यह मुलाकात भारत-जापान के ऐतिहासिक T20I मुकाबले से पहले हुई। दोनों टीमें 22 सितंबर को तोचिगी प्रीफेक्चर के सानो इंटरनेशनल क्रिकेट ग्राउंड में पहली बार मेन्स T20I में आमने-सामने होंगी। यह मैच सुजुकी कप का हिस्सा होगा।
BCCI प्रेसिडेंट ने बताया खास मौका
BCCI प्रेसिडेंट मिथुन मनहास ने मुलाकात की तस्वीरें शेयर करते हुए इसे क्रिकेट के लिए खास पल बताया। उन्होंने कहा कि जापान में क्रिकेट नए दर्शकों तक पहुंच रहा है और भारत-जापान के मजबूत होते खेल संबंध इस दिशा में अहम कदम हैं। मनहास ने ऐतिहासिक T20I मुकाबले और आगामी एशियन गेम्स को लेकर बढ़ते उत्साह का भी जिक्र किया।
जापानी राजदूत ओनो केइची ने भी इस खास मुलाकात की तस्वीरें सोशल मीडिया पर साझा कीं। उन्होंने कप्तान श्रेयस अय्यर और BCCI प्रेसिडेंट मिथुन मनहास से मिलने पर खुशी जताते हुए भारत-जापान के बीच होने वाले ऐतिहासिक मुकाबले को दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ से जोड़ा। साथ ही उन्होंने टीम इंडिया को आगामी एशियन गेम्स के लिए शुभकामनाएं दीं। पोस्ट में उन्होंने 22 सितंबर को जापान के सानो, तोचिगी में होने वाले सुजुकी कप के भारत-जापान मुकाबले को लेकर उत्साह भी जाहिर किया।
75 साल के रिश्ते का जश्न है सुजुकी कप
भारत-जापान के बीच होने वाला यह मुकाबला दोनों देशों के राजनयिक संबंधों की 75वीं वर्षगांठ के जश्न का हिस्सा है। सुजुकी कप को ‘स्पोर्ट 75’ पहल के तहत आयोजित किया जा रहा है, जिसका मकसद दोनों देशों के बीच खेल सहयोग और आदान-प्रदान को बढ़ावा देना है। यह मैच इसलिए भी खास है क्योंकि जापान की धरती पर यह भारत का पहला इंटरनेशनल क्रिकेट मुकाबला होगा। साथ ही, दोनों देशों की मेन्स क्रिकेट टीमों के बीच यह पहली आधिकारिक इंटरनेशनल भिड़ंत भी होगी।

