भारत-आसियान साथ-साथ, आपदा प्रबंधन में बढ़ेगा सहयोग

भारत और दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के संगठन (ASEAN) ने आपदा प्रबंधन के क्षेत्र में आपसी सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। इसके तहत शुरुआती चेतावनी प्रणालियों को मजबूत करने के साथ-साथ सैटेलाइट और मौसम संबंधी डेटा साझा करने पर जोर दिया जाएगा। दोनों पक्ष संयुक्त तैयारी अभ्यास भी करेंगे, ताकि आपदा की स्थिति में राहत और मानवीय सहायता को तेजी से पहुंचाया जा सके। मनीला में हुए 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन के बाद मंगलवार को जारी संयुक्त बयान में यह जानकारी सामने आई।

रणनीतिक साझेदारी को मजबूत करने के उपायों पर चर्चा
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और आसियान के 11 सदस्य देशों के नेताओं ने व्यापक रणनीतिक साझेदारी को और मजबूत करने के तरीकों पर चर्चा की। संयुक्त बयान में कहा गया कि भारत और आसियान क्षेत्र भूकंप, सुनामी, बाढ़, चक्रवात, लू और भूस्खलन जैसी प्राकृतिक आपदाओं के जोखिम से प्रभावित हैं। ऐसे में दोनों पक्षों ने आपदाओं से निपटने और उनके प्रभाव को कम करने में सक्षम क्षेत्र तैयार करने की जरूरत पर जोर दिया।

आपदा की रोकथाम और निपटने की तैयारी
भारत और आसियान ने आपदा प्रबंधन के हर चरण में सहयोग बढ़ाने पर सहमति जताई है। इसमें आपदा से पहले की तैयारी से लेकर राहत, बचाव और पुनर्वास तक शामिल है। इसके लिए ACDM, AHA सेंटर और भारत का NDMA नियमित संवाद बढ़ाएंगे। साथ ही भूकंप, सुनामी, बाढ़, चक्रवात और भूस्खलन जैसी आपदाओं के लिए शुरुआती चेतावनी प्रणाली मजबूत करने के तहत उपग्रह, भूकंपीय और मौसम संबंधी आंकड़े साझा किए जाएंगे।

अंतरिक्ष आधारित आंकड़ों एवं तकनीकों के इस्तेमाल का भी आह्वान
संयुक्त बयान में आपदा जोखिम के आकलन और पूर्वानुमान के लिए अंतरिक्ष आधारित तकनीक व आंकड़ों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने पर जोर दिया गया। इससे भारत-आसियान के बीच अंतरिक्ष क्षेत्र में सहयोग को भी मजबूती मिलेगी। 1967 में स्थापित ASEAN दक्षिण पूर्व एशिया के देशों का क्षेत्रीय संगठन है, जिसमें 11 सदस्य देश शामिल हैं। भारत के साथ अमेरिका, चीन, जापान और ऑस्ट्रेलिया समेत कई देश इसके संवाद साझेदार हैं।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1