शनिवार को यूपी-बिहार समेत कई राज्यों में भारी बारिश का अलर्ट, आंधी-तूफान की चेतावनी; समुद्र से रहें दूर

मानसून की वापसी शुरू होने के बावजूद कई राज्यों में बारिश का सिलसिला जारी है। बीते 48 घंटों में पूर्वी यूपी, बिहार, छत्तीसगढ़, ओडिशा, पश्चिम बंगाल, विदर्भ, मध्य प्रदेश और तेलंगाना में भारी बारिश हुई। मौसम विभाग के मुताबिक, इन इलाकों में अगले 2-3 दिनों तक तेज बारिश से राहत मिलने के आसार कम हैं।

अगले 24 घंटे के दौरान यहां पर होगी भारी बारिश
मौसम विभाग ने यूपी, बिहार, झारखंड, पश्चिम बंगाल, ओडिशा, छत्तीसगढ़ और सिक्किम में 25-26 सितंबर को व्यापक बारिश का अनुमान जताया है। इस दौरान 40-50 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं। वहीं, 26-27 सितंबर को पूर्वी और पश्चिमी यूपी के साथ पंजाब में बारिश, जबकि 27-28 सितंबर को उत्तराखंड में भारी बारिश के आसार हैं। मौसम विभाग के मुताबिक, पूर्वी मध्य प्रदेश और विदर्भ में 25-27 सितंबर तक कुछ इलाकों में बारिश हो सकती है। वहीं, 26 सितंबर को छत्तीसगढ़ में तेज हवाओं के साथ बारिश का अनुमान है। इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती है।

पूर्वोत्तर के राज्यों में भी भारी बरसात के आसार
25-26 सितंबर को पूर्वोत्तर के कई राज्यों में आंधी, बिजली चमकने और बारिश के आसार हैं। वहीं, 26 सितंबर को केरल, कर्नाटक, आंध्र प्रदेश और यनम में भारी बारिश हो सकती है। मध्य महाराष्ट्र और मराठवाड़ा में भी तेज हवाओं के साथ आंधी-तूफान की चेतावनी है। केरल, माहे और लक्षद्वीप में 27-30 सितंबर, जबकि तटीय कर्नाटक में 26-29 सितंबर तक बारिश की संभावना जताई गई है।

समुद्री तटों पर न जाने की सलाह
ओडिशा और आंध्र प्रदेश के तटों पर समुद्र में तेज हलचल की आशंका है। बंगाल की खाड़ी के कुछ हिस्सों में 45-55 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चल सकती हैं, जो 65 किमी प्रति घंटे तक पहुंच सकती हैं। मौसम विभाग ने मछुआरों को स्थिति सामान्य होने तक प्रभावित समुद्री इलाकों और आंध्र प्रदेश, ओडिशा व पश्चिम बंगाल के तटों से दूर रहने की सलाह दी है।

उत्तराखंड में रेड अलर्ट, सीएम ने अधिकारियों को दिए निर्देश
मौसम विभाग ने उत्तराखंड में 26 और 27 सितंबर को भारी बारिश को लेकर अलर्ट जारी किया है। 26 सितंबर को बागेश्वर, पिथौरागढ़, चंपावत, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में रेड अलर्ट, जबकि देहरादून, पौड़ी, रुद्रप्रयाग, चमोली और अल्मोड़ा में ऑरेंज अलर्ट है। वहीं, 27 सितंबर को देहरादून, टिहरी, पौड़ी और हरिद्वार में रेड अलर्ट रहेगा। अन्य जिलों में ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी किया गया है। उत्तराखंड में अगले दो दिनों के लिए जारी रेड अलर्ट के बीच मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आपदा प्रबंधन एवं पुनर्वास सचिव विनोद कुमार सुमन से बात की। उन्होंने सभी संबंधित जिलों और विभागों को अलर्ट रहने और जरूरी एहतियाती कदम उठाने के निर्देश दिए।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1