Weather Forecast Today

बाढ़ से हाहाकार! असम में अब तक 100 की मौत, आज यूपी-बिहार में कैसा है मौसम

असम में लगातार जारी बाढ़ ने भारी तबाही मचाई है. राज्य के कई जिले बाढ़ की चपेट में हैं और अब तक 100 लोगों की मौत हो चुकी है. रविवार को जारी डिजास्टर रिपोर्टिंग एंड इंफॉर्मेशन मैनेजमेंट सिस्टम असम के बुलेटिन के मुताबिक, बाढ़ से कई इलाकों में बड़े पैमाने पर नुकसान हुआ है. मृतकों में 60 पुरुष, 23 महिलाएं और 18 बच्चे शामिल हैं. बच्चों में 12 लड़के और छह लड़कियां हैं.

उधर, दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर बाढ़ का खतरा बना हुआ है. उत्तर प्रदेश के कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. बिहार, केरल, गुजरात में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है.

सिवसागर में मौतों का आंकड़ा 50 से घटकर 49 हुआ

प्रशासन ने बताया कि सिवसागर जिले में मौतों के आंकड़े में सुधार किया गया है. दरअसल, एक ही व्यक्ति की मौत का नाम गलती से दो बार दर्ज हो गया था. इसके चलते जिले में कुल मौतों की संख्या 50 से घटाकर 49 कर दी गई है.
कछार में 22 और सिवसागर में 49 लोगों की मौत

बाढ़ से सबसे ज्यादा प्रभावित जिलों में कछार और सिवसागर शामिल हैं. कछार में अब तक 22 लोगों की मौत हुई है, जबकि सिवसागर में 49 लोगों की जान गई है. इसके अलावा करीमगंज में नौ, गोलाघाट में आठ लोगों की मौत हुई है. धेमाजी, नगांव, उदालगुड़ी, सोनितपुर और कार्बी आंगलोंग जिलों में भी बाढ़ के कारण लोगों की जान गई है.

राजधानी में आंधी और बारिश की चेतावनी

बारिश के बाद दिल्ली में यमुना के बढ़ते जलस्तर को लेकर बाढ़ का खतरा बना हुआ है. हालांकि, हथनीकुंड बैराज से पानी छोड़े जाने के बाद अब यमुना का जलस्तर घटने लगा है. यमुना के जलस्तर पर लगातार नजर रखने के लिए फ्लड एंड इरिगेशन विभाग अलर्ट मोड पर है. इस बीच राजधानी में आंधी और बारिश की चेतावनी जारी की गई है. बारिश के दौरान 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं. ऐसे में लोगों को मौसम को लेकर सतर्क रहने की जरूरत है.

यूपी में कई जिलों में बारिश का येलो अलर्ट

उत्तर प्रदेश में लगातार हो रही मानसूनी बारिश के कारण कई नदियों का जलस्तर बढ़ गया है. गंगा, यमुना, शारदा और सरयू समेत 10 से ज्यादा नदियां खतरे के निशान के करीब बह रही हैं. गंगा के बढ़े जलस्तर का असर शाहजहांपुर के मिर्जापुर इलाके में भी दिखाई दे रहा है. यहां कई गांवों में गंगा का पानी घुस गया है, जिससे लोगों की परेशानी बढ़ गई है. मौसम विभाग की ओर से कई जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया गया है. सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बिजनौर, बागपत, मेरठ, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सीतापुर, गोंडा, सिद्धार्थनगर, बाराबंकी, लखनऊ, उन्नाव, कानपुर नगर, कानपुर देहात, कन्नौज और औरैया में कई स्थानों पर बारिश होने की संभावना है.

बिहार में भारी बारिश और आंधी का अलर्ट

बिहार के कई जिलों में भी मौसम खराब रहने का अनुमान है. गया, पूर्वी चंपारण, पश्चिमी चंपारण, रोहतास, नवादा, बांका, लखीसराय, मुंगेर, नालंदा, बक्सर, सिवान, वैशाली, मुजफ्फरपुर, समस्तीपुर, दरभंगा, मधुबनी, पूर्णिया, अररिया, किशनगंज, कटिहार, बेगूसराय, सहरसा और सुपौल में भारी बारिश के साथ आंधी चलने की संभावना है.

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1