उत्तराखंड के नैनीताल जिले में गुरुवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी. भवाली-सेनिटोरियम मोटर मार्ग पर करीब दो बजे एक कार अचानक अनियंत्रित होकर लगभग 100 फीट गहरी खाई में जा गिरी. हादसा इतना भयावह था कि मौके पर ही अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोग तुरंत राहत-बचाव के लिए जुट गए.
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और रेस्क्यू टीम तत्काल मौके पर पहुंची. बचाव दल ने जोखिम भरे हालात में खाई में उतरकर राहत कार्य शुरू किया. प्रारंभिक जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त कार में कुल छह लोग सवार थे. हादसे की भयावहता का अंदाजा इसी से लगाया जा सकता है कि पांच लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया.
घायल व्यक्ति को तत्काल नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसकी हालत नाजुक बनी हुई है और डॉक्टरों की टीम उसे बचाने का प्रयास कर रही है. वहीं, मृतकों के शवों को खाई से निकालकर कब्जे में लिया गया और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है.
एक ही परिवार के चार लोग मृत
क्षेत्राधिकारी नैनीताल रविकांत सेमवाल के अनुसार मृतकों में खटीमा निवासी एक ही परिवार के चार सदस्य शामिल हैं. इनमें भूपेंद्र सिंह चौपाल (48), उनकी पत्नी सीमा खेड़ा चौपाल (45), उनका 19 वर्षीय पुत्र वासु चौपाल और 12 वर्षीय पुत्री शामिल हैं. इसके अलावा कार चालक की भी इस हादसे में मौत हो गई है. चालक की पहचान अभी तक नहीं हो सकी है, हालांकि बताया जा रहा है कि वह उत्तर प्रदेश के लखनऊ का रहने वाला था.
इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है. एक ही परिवार के चार लोगों की मौत से उनके गांव और परिजनों में शोक की लहर है. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से इस मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था और सख्त करने की मांग की है, क्योंकि यह सड़क पहले भी हादसों के लिए संवेदनशील मानी जाती रही है.
पुलिस ने शुरू की हादसे की जांच
पुलिस के अनुसार हादसे के कारणों की जांच की जा रही है. प्रारंभिक तौर पर आशंका जताई जा रही है कि वाहन की रफ्तार तेज होने या चालक के नियंत्रण खोने के कारण यह दुर्घटना हुई हो सकती है. हालांकि, वास्तविक कारणों का पता जांच पूरी होने के बाद ही चल सकेगा.

