प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने शनिवार को नगर निगम भर्ती घोटाले के सिलसिले में टीएमसी विधायक और पूर्व मंत्री मदन मित्रा से जुड़ी आठ जगहों पर छापेमारी की। जानकारी के मुताबिक, ईडी तृणमूल कांग्रेस विधायक मदन मित्रा के घर समेत कोलकाता और उसके आस-पास 8 जगहों पर तलाशी ले रही है। ईडी मदन मित्रा के कोलकाता के भवानीपुर, नॉर्थ 24 परगना के कमरहाटी और साउथ 24 परगना के जोका में स्थित घर पर पहुंची है। सूत्रों का कहना है कि यह सर्च ऑपरेशन नगर निगम भर्ती भ्रष्टाचार मामले के संबंध में है।
मदन मित्रा पर घूस लेने का आरोप
अधिकारियों के मुताबिक, अब तक की जांच से पता चला है कि मदन मित्रा ने कथित तौर पर कामरहाटी म्युनिसिपैलिटी समेत अलग-अलग म्युनिसिपैलिटी में कई पदों पर अयोग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति के सिलसिले में बिचौलियों के ज़रिए कैश और सोने के रूप में रिश्वत ली थी। यह रिश्वत कामरहाटी म्युनिसिपैलिटी समेत कई म्युनिसिपल पदों पर अयोग्य उम्मीदवारों की नियुक्ति कराने के बदले ली गई थी। सूत्रों ने यह भी दावा किया कि TMC नेता ऐसी 125 से ज़्यादा कथित गैर-कानूनी नियुक्तियों से जुड़े हैं। एजेंसी ने कहा कि जांच अभी जारी है और आगे की जानकारी की पड़ताल की जा रही है।
नगर पालिका भर्ती के मामले की जांच कर रही है ईडी
नगर पालिका भर्ती का यह मामला पश्चिम बंगाल में सरकारी पदों पर भर्ती में कथित अनियमितताओं की एक बड़ी जांच का हिस्सा है। पिछले कुछ सालों में, भर्ती से जुड़े कई मामले केंद्रीय जांच एजेंसियों की नज़र में आए हैं।
मदन मित्रा का अभी तक नहीं आया बयान
ये तलाशी अभियान TMC के राष्ट्रीय महासचिव अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित आवास पर सुबह-सुबह पुलिस की कार्रवाई के बीच हुआ। पश्चिम मेदिनीपुर ज़िले में दर्ज एक मामले के सिलसिले में केंद्रीय बलों के साथ पुलिस की एक बड़ी टीम ने कई घंटों तक छापेमारी की। इस खबर को लिखे जाने तक मदन मित्रा ने इन नए आरोपों पर सार्वजनिक रूप से कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। ईडी ने कहा है कि आगे की जांच जारी है।
बता दें कि इससे पहले अभिषेक बनर्जी के कालीघाट स्थित घर पर पुलिस पहुंची। पुलिस अभिषेक के पीए की तलाश कर रही है। पीए पर आरोप है कि उन्होंने टिकट दिलाने के नाम पर पैसे लिए थे।

