दिल्ली-NCR में लगातार बढ़ता प्रदूषण लोगों की सेहत के लिए गंभीर चिंता का विषय बना हुआ है। जहरीली हवा से बचने के लिए कई लोग एयर प्यूरीफायर का सहारा ले रहे हैं, लेकिन इसकी ज्यादा कीमत के कारण हर किसी के लिए इसे खरीदना आसान नहीं है। ऐसे में डॉक्टरों का कहना है कि कुछ जरूरी सावधानियां बरतकर, खानपान में बदलाव करके और नियमित व्यायाम को अपनी दिनचर्या का हिस्सा बनाकर प्रदूषण के दुष्प्रभावों को कम करने में मदद मिल सकती है। इसके लिए आपको महंगे उपकरणों पर हजारों रुपये खर्च करने की भी जरूरत नहीं है। आइए जानते हैं कि डॉक्टरों के मुताबिक, किन आसान उपायों को अपनाकर प्रदूषण से सेहत को होने वाले नुकसान से बचाव किया जा सकता है।
प्रदूषण से होने वाले नुकसान को कैसे कम करें?
N95 मास्क का करें इस्तेमाल– अगर आप महंगे एयर प्यूरीफायर नहीं खरीद सकते या उन्हें हर जगह साथ ले जाना संभव नहीं है, तो प्रदूषण के दिनों में घर से बाहर निकलते समय N95 मास्क जरूर पहनें। एम्स के पल्मोनरी, क्रिटिकल केयर एंड स्लीप मेडिसिन विभाग के प्रोफेसर डॉ. विजय हड्डा के मुताबिक, सही गुणवत्ता वाला मास्क पहनने से वायु प्रदूषण के हानिकारक प्रभावों को काफी हद तक कम करने में मदद मिल सकती है।
खुद को हाइड्रेट रखें और खूब पानी पिएं- प्रदूषण के असर से बचने के लिए शरीर में पानी की कमी न होने दें। प्रदूषण के कारण शरीर में तनाव बढ़ सकता है और स्ट्रेस हार्मोन का संतुलन प्रभावित हो सकता है। ऐसे में पर्याप्त मात्रा में पानी पीना जरूरी है। इसके लिए रोजाना खूब पानी पिएं। साथ ही नारियल पानी और नींबू पानी को भी अपनी डाइट में शामिल कर सकते हैं।
डाइट में पौष्टिक चीजों को दें जगह- प्रदूषण के दुष्प्रभावों से बचाव के लिए अपने खानपान पर खास ध्यान देना जरूरी है। अपनी डाइट में हरी पत्तेदार सब्जियों को शामिल करें और रोजाना विटामिन-C से भरपूर फलों का सेवन करें। इनसे शरीर को जरूरी एंटीऑक्सीडेंट्स मिलते हैं, जो प्रदूषण के कारण होने वाले ऑक्सीडेटिव तनाव से लड़ने में मदद कर सकते हैं।
शाम के समय लें भाप- प्रदूषण के बीच बाहर रहने वाले लोगों को घर लौटने के बाद भाप लेने से कुछ राहत मिल सकती है। इससे नाक और गले में होने वाली परेशानी में आराम मिल सकता है। हालांकि, भाप लेना प्रदूषण से बचाव का तरीका नहीं है और न ही यह फेफड़ों तक पहुंचने वाले प्रदूषकों को साफ करता है।

