दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर फ्री का सफर बंद, अब देना होगा टोल टैक्स; देखें रेट लिस्ट
देश के सबसे आधुनिक हाईवे प्रोजेक्ट्स में शामिल दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर अब सफर करना महंगा होने वाला है। नेशनल हाईवे अथॉरिटी ऑफ इंडिया (NHAI) ने एक्सप्रेसवे के पहले फेज पर टोल वसूली की तैयारी पूरी कर ली है। अब तक इस रूट पर लोग बिना किसी शुल्क के यात्रा कर रहे थे, लेकिन जल्द ही यात्रियों को सफर के लिए टोल टैक्स देना पड़ेगा।
आज से लागू हो रही हैं नई दरें
अधिकारियों ने जानकारी दी है कि दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे के बागपत-खेकड़ा सेक्शन पर टोल शुल्क लागू कर दिया गया है। शुरुआती दौर में एक्सप्रेसवे के कुछ हिस्सों को परीक्षण के लिए लोगों के लिए बिना शुल्क खोला गया था, लेकिन अब यहां टोल प्लाजा पूरी तरह चालू हो चुके हैं। बताया जा रहा है कि एक्सप्रेसवे के संचालन, रखरखाव और बेहतर सुविधाओं पर हुए बड़े खर्च को ध्यान में रखते हुए यह फैसला लिया गया है।
टोल रेट लिस्ट
गाड़ियां सिंगल जर्नी का टोल रिटर्न जर्नी (24 घंटे के अंदर) का टोल
कार, जीप, छोटे वाहन 190 रुपये 285 रुपये
लाइट कमर्शियल, हल्के माल वाहक वाहन, मिनी बस 310 रुपये 460 रुपये
बस और ट्रक 645 रुपये 970 रुपये
ओवर साइज व्हीकल 1235 रुपये 1835 रुपये
थ्री एक्सल कमर्शियल व्हीकल 705 रुपये 1055 रुपये
फास्टैग से होगा ऑटोमैटिक भुगतान
एक्सप्रेसवे पर ट्रैफिक जाम से बचने के लिए कैशलेस टोल सिस्टम को बढ़ावा दिया जा रहा है। सभी टोल प्लाजा पर फास्टैग जरूरी होगा, जिससे वाहन गुजरते ही सेंसर ऑटोमैटिक तरीके से टोल गेट खोल देंगे और शुल्क सीधे अकाउंट से कट जाएगा। इससे सफर तेज और सुविधाजनक बनेगा, साथ ही ईंधन की बचत भी होगी।
सफर में कितनी आएगी कमी?
हालांकि एक्सप्रेसवे पर अब टोल शुल्क देना होगा, लेकिन इसके बदले यात्रियों को तेज और आरामदायक सफर की सुविधा मिलेगी। दिल्ली से देहरादून पहुंचने में जहां पहले 5 से 6 घंटे लगते थे, वहीं अब यह दूरी करीब 2.5 से 3 घंटे में पूरी की जा सकेगी, जिससे लोगों का काफी समय बचेगा।
