झारखंड के पश्चिम सिंहभूम जिले के घोर नक्सली क्षेत्र में गला काटकर मारे गए 7 ग्रामीणों के शव 3 दिन बाद बरामद हुए हैं। इन लोगों की हत्या रविवार को पत्थलगड़ी का विरोध करने पर की गई थी। मृतकों में एक पंचायत प्रतिनिधि भी शामिल हैं। हत्या करने के बाद इनके शवों को जंगल में फेंक दिया गया था। पुलिस को मंगलवार को हत्या की सूचना मिल गई थी। बावजूद पुलिस बुधवार को भारी पुलिस बल और CRPF की टुकड़ी के साथ मौके पर पहुंच सकी। पुलिस के अनुसार पश्चिम सिंहभूम जिले के नक्सल प्रभावित गुदड़ी प्रखंड के बुरुगुलीकेरा गांव के पास जंगल में ये नृशंस हत्या हुई थी। पुलिस के अनुसार सातों ग्रामीणों का शव बरामद कर लिया गया है। रविवार को पत्थलगड़ी समर्थकों ने पत्थलगड़ी का विरोध करने पर 7 ग्रामीणों की हत्या कर दी थी।
मंगलवार को सूचना मिलने के बाद कोल्हान के DIG कुलदीप द्विवेदी, DC अरवा राज कमल, SP इंद्रजीत महथा पुलिस टीम के साथ घटनास्थल के लिए रवाना हो गए थे, लेकिन दुरूह इलाका होने की वजह से बुधवार सुबह पहुंच सके। ADG मुरारी लाल मीणा के मुताबिक, यह घोर नक्सल प्रभावित इलाका है। हालांकि, उन्होंने हत्या के पीछे नक्सली घटना से साफ इनकार किया है। शव बरामद करने के बाद मामले की तहकीकात शुरू हो गई है। DIG, DC और SP भारी फोर्स के साथ गांव में मौजूद हैं।