देश की राजधानी दिल्ली से सटे गाजियाबाद (Ghaziabad) में रविवार को बारिश की वजह से श्मशान घाट की छत गिरने से एक बड़ा हादसा हो गया है। हादसे में काफी संख्या में लोग श्मशान घाट की छत के नीचे दबे गए। मौके पर जिला प्रशासन के अलावा NDRF की टीम भी रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी हुई है। गाजियाबाद जिलाधिकारी अजय शंकर पांडेय ने हादसे में 23 लोगों की मौत की पुष्टि की है। इसके अलावा 15 घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसमें से कई की हालत गंभीर बनी हुई है। जबकि घटना के बाद पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। वहीं, उत्तर प्रदेश के CM योगी आदित्यनाथ ने गाजियाबाद जिला प्रशासन से इस घटना की रिपोर्ट मांगी है।
श्मशान घाट पर मुरादनगर के फल कारोबारी जयराम (65) का अंतिम संस्कार किया जा रहा था। अंतिम संस्कार के दौरान सभी लोग गेट से सटी गैलरी में खड़े थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। ढाई माह पहले ही यहां गैलरी बनाई गई थी। लोगों का आरोप है कि गैलरी बनाने में घटिया मटेरियल का इस्तेमाल हुआ था।
जयराम के पोते देवेंद्र ने बताया कि जब दादा का अंतिम संस्कार हो रहा था। बारिश हो रही थी तो काफी लोग दूर शेड के नीचे खड़े हो गए। इसी दौरान छत गिर गई और वहां खड़े सभी लोग दब गए। हादसे में देवेंद्र के चाचा की भी मौत हो गई है। एक भाई मलबे के नीचे दब गया था और पिता भी घायल हैं।