रजत पाटीदार ने एक बार फिर अपनी तूफानी बल्लेबाजी से मैदान पर तहलका मचा दिया। उन्होंने अपनी पारी में चौके-छक्कों की जमकर बरसात करते हुए करीब 300 के स्ट्राइक रेट से रन बनाए। पाटीदार ने वो कारनामा कर दिखाया, जो इससे पहले कोई बल्लेबाज नहीं कर सका था। उनकी इस विस्फोटक पारी के दम पर मध्य प्रदेश ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा कर दिया।
रजत पाटीदार ने केवल 41 बॉल पर ठोक दी धमाकेदार सेंचुरी
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्य प्रदेश और असम के बीच मुकाबले में रजत पाटीदार ने बल्ले से जमकर कहर बरपाया। मध्य प्रदेश की टीम पहले बल्लेबाजी करने उतरी और शुरुआती विकेट गिरने के बाद कप्तान रजत पाटीदार क्रीज पर पहुंचे। आते ही उन्होंने आक्रामक अंदाज अपनाया और महज 25 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद पाटीदार के बल्ले से चौके-छक्कों की बारिश देखने को मिली। उन्होंने सिर्फ 41 गेंदों में तूफानी शतक जड़ दिया और सेंचुरी के बाद भी उनकी रफ्तार पर कोई लगाम नहीं लगी।
48 बॉल में बना दिए नाबाद 135 रन
रजत पाटीदार ने इस मुकाबले में अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से गेंदबाजों की जमकर खबर ली। उन्होंने महज 48 गेंदों में 135 रन की नाबाद पारी खेली। इस दौरान पाटीदार के बल्ले से 13 छक्के और 8 चौके निकले, जबकि उनका स्ट्राइक रेट 281.25 का रहा। उनकी इस तूफानी पारी के दम पर मध्य प्रदेश ने 250 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। पारी के 19वें ओवर में तो पाटीदार ने हद ही कर दी, उन्होंने एक चौका और लगातार चार छक्के जड़कर गेंदबाजों की धज्जियां उड़ा दीं।
सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शतक लगाने वाले मध्य प्रदेश के पहले बल्लेबाज बने
रजत पाटीदार की इस पारी ने सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में मध्य प्रदेश क्रिकेट के इतिहास में नया अध्याय जोड़ दिया। इस टूर्नामेंट में उनसे पहले मध्य प्रदेश का कोई भी बल्लेबाज शतक नहीं लगा सका था। साल 2021 में पाटीदार खुद 96 रन बनाकर सिर्फ 4 रन से सेंचुरी से चूक गए थे, लेकिन अब उन्होंने उसी कमी को पूरा करते हुए टूर्नामेंट में मध्य प्रदेश की ओर से शतक लगाने वाले पहले बल्लेबाज बनने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। पाटीदार के क्रीज पर आने के बाद मध्य प्रदेश की पारी ने गजब की रफ्तार पकड़ी। टीम ने 7.4 ओवर में 3 विकेट गंवाकर सिर्फ 57 रन बनाए थे, लेकिन इसके बाद रनों की ऐसी आंधी आई कि 20 ओवर पूरे होने तक स्कोर 250 रन तक पहुंच गया। इस जबरदस्त बदलाव में पाटीदार की तूफानी बल्लेबाजी का सबसे बड़ा योगदान रहा।

