बॉलीवुड एक्टर हर्षवर्धन राणे इन दिनों अपनी फिल्म ‘सनम तेरी कसम’ की री-रिलीज की सफलता को लेकर सुर्खियों में हैं। साल 2016 में रिलीज हुई यह रोमांटिक फिल्म 2025 में दोबारा सिनेमाघरों में आई और दर्शकों से इसे जबरदस्त रिस्पॉन्स मिला। फिल्म की शानदार कामयाबी के बाद अब हर्षवर्धन को खास तोहफा मिला है। फिल्म के प्रोड्यूसर दीपक मुकुट ने उन्हें लैंड रोवर डिफेंडर गिफ्ट की है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इस लग्जरी कार की कीमत करीब 3.50 करोड़ रुपये है, हालांकि इसकी आधिकारिक कीमत की पुष्टि नहीं हुई है।
दीपक मुकुट को बताया वादे का पक्का इंसान
हर्षवर्धन राणे ने सोमवार को अपने इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर शेयर की, जिसमें प्रोड्यूसर दीपक मुकुट उन्हें नई कार की चाबी सौंपते नजर आ रहे हैं। तस्वीर के साथ एक्टर ने दीपक मुकुट के लिए खास नोट भी लिखा। उन्होंने कहा कि करियर के दौरान वह कई लोगों के वादों का हिस्सा रहे हैं, लेकिन दीपक मुकुट उन सभी से अलग हैं और अपनी बात पूरी करने के लिए जाने जाते हैं। हर्षवर्धन ने पिछले साल का किस्सा भी साझा किया, जब वह ‘सनम तेरी कसम’ को दोबारा रिलीज कराने की मांग लेकर कुछ फैंस के साथ दीपक मुकुट के ऑफिस पहुंचे थे। एक्टर ने बताया कि अब वह अगले महीने अपने जन्मदिन पर एक बार फिर फैंस के साथ निर्माता के ऑफिस जाएंगे।
कार के बदले मांगा ‘सनम तेरी कसम 2’ का तोहफा
हर्षवर्धन राणे ने अब प्रोड्यूसर दीपक मुकुट से एक और खास तोहफे की मांग की है। एक्टर की इच्छा है कि ‘सनम तेरी कसम 2’ को जल्द हरी झंडी मिले। उन्होंने कहा कि सीक्वल की कहानी और डायरेक्टर का फैसला दीपक मुकुट अपनी पसंद से कर सकते हैं, लेकिन वह फिल्म के दूसरे पार्ट को बनाने की मंजूरी जरूर दें। हर्षवर्धन ने यह मांग अपने फैंस की तरफ से भी रखी और पूछा कि क्या निर्माता उनके जन्मदिन पर उन्हें यह खास तोहफा दे सकते हैं। एक्टर की इस पोस्ट से साफ है कि वह ‘सनम तेरी कसम’ के सीक्वल को लेकर काफी एक्साइटेड हैं।
री-रिलीज में फिल्म ने की थी शानदार कमाई
साल 2016 में रिलीज हुई ‘सनम तेरी कसम’ को उस वक्त बॉक्स ऑफिस पर खास कामयाबी नहीं मिली थी, लेकिन धीरे-धीरे फिल्म की लोकप्रियता बढ़ती गई। हर्षवर्धन राणे और मावरा हुसैन की केमिस्ट्री, फिल्म के गाने और इमोशनल लव स्टोरी दर्शकों को काफी पसंद आई। इसी बढ़ती लोकप्रियता को देखते हुए फिल्म को 7 फरवरी 2025 को दोबारा सिनेमाघरों में रिलीज किया गया। री-रिलीज के पहले दिन फिल्म ने 4.25 करोड़ रुपये कमाए। भारत में इसका नेट कलेक्शन 33.18 करोड़ रुपये रहा, जबकि घरेलू लाइफटाइम नेट कलेक्शन 42.28 करोड़ रुपये तक पहुंच गया। वहीं, दुनियाभर में फिल्म ने 54.20 करोड़ रुपये का ग्रॉस कलेक्शन किया।
कब शुरू होगी ‘सनम तेरी कसम 2’ की शूटिंग?
री-रिलीज की शानदार सफलता के बाद ‘सनम तेरी कसम 2’ को लेकर फैंस के बीच भी काफी उत्सुकता है। हालांकि, अभी तक सीक्वल की शूटिंग या रिलीज को लेकर कोई आधिकारिक ऐलान नहीं हुआ है। अब सबकी नजरें दीपक मुकुट पर हैं कि वह हर्षवर्धन राणे और फैंस की इस मांग पर कब मुहर लगाते हैं।

