झारखंड(Jharkhand) में सरकार बन चुकी है और अब बारी है मंत्री बनाए जाने की, इसी सिलसिले में महागठबंधन सरकार में सहयोगी कांग्रेस के सभी 16 विधायकों ने दिल्ली पहुंचकर कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी और पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी से मुलाकात की। उम्मीद है कि मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की सरकार में कांग्रेस कोटे से अभी चार विधायक और मंत्री बनाए जाएंगे। साथ ही कैबिनेट में गृह और वित्त जैसे महत्वपूर्ण मंत्रालय की भी डिमांड रखी गई है।
प्रदेश प्रभारी आरपीएन सिंह की अगुआई में कांग्रेस हाई कमान के सामने सभी नव निर्वाचित विधायकों के साथ ही सांसद गीता कोड़ा और धीरज साहू भी यहां उपस्थित रहे। झारखंड में सीएम के साथ कांग्रेस के दो मंत्रियों कांग्रेस विधायक दल के नेता आलमगीर आलम और प्रदेश अध्यक्ष रामेश्वर उरांव ने शपथ ली थी। कांग्रेस की ओर से कैबिनेट में कुल पांच मंत्री पद के दावे पर गौर करें तो अब भी तीन मंत्री उसके कोटे से बनाए जाने बाकी हैं। ऐसे में बाकी बचे मंत्रियों के नाम पर भी आज आखिरी फैसला संभव है। साथ ही मंत्रालयों पर भी निर्णय लिया जाएगा।