भारतीय तटरक्षक बल (ICG) और एटीएस गुजरात ने संयुक्त समुद्री तस्करी-रोधी अभियान में लगभग ₹1150 करोड़ मूल्य की 115 किलोग्राम कोकेन जब्त की है. इसे अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स खेपों में से एक माना जा रहा है.
खुफिया जानकारी के आधार पर चला ऑपरेशन
यह संयुक्त अभियान 25-26 मई 2026 की रात गुजरात के मुंद्रा तट के पास चलाया गया. एटीएस गुजरात द्वारा साझा की गई विशेष खुफिया जानकारी के आधार पर भारतीय तटरक्षक बल की इंटरसेप्टर बोट्स ने मुंद्रा एंकरेज क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान शुरू किया.
समुद्र में फेंके गए संदिग्ध बैग
ऑपरेशन के दौरान मुंद्रा से करीब पांच समुद्री मील दूर लंगर डाले कंटेनर जहाज ‘एमवी यूरोप’ पर संदिग्ध गतिविधि देखी गई. अधिकारियों ने कुछ बैगों को जहाज से समुद्र में फेंकते हुए देखा.
अंधेरी रात में समुद्र से बरामद किए गए बैग
ICG और ATS गुजरात की संयुक्त टीम तुरंत मौके पर पहुंची और बेहद कम दृश्यता तथा कठिन परिस्थितियों के बावजूद समुद्र से पांच बैग सफलतापूर्वक बरामद किए. जब बैगों की जांच की गई तो उनमें सफेद पाउडर जैसे पदार्थ के पैकेट मिले, जो जांच में कोकेन निकले. कुल 115 पैकेट बरामद हुए, जिनमें हर पैकेट का वजन करीब एक किलोग्राम था. इस तरह कुल 115 किलोग्राम कोकेन जब्त की गई.
अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत 1150 करोड़ रुपये
ओपन-सोर्स आकलन के मुताबिक, जब्त की गई इस कोकेन की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 1150 करोड़ रुपये आंकी गई है. बताया जा रहा है कि यह जहाज कराची (पाकिस्तान) से आया था और इससे पहले पनामा तथा अमेरिका भी गया था. जहाज मुंद्रा पोर्ट की ओर आ रहा था.
पिछले पांच वर्षों में 15वां बड़ा ऑपरेशन
घटना के बाद जहाज को आगे की जांच के लिए बंदरगाह लाया गया है. भारतीय तटरक्षक बल, एटीएस गुजरात और अन्य संबंधित एजेंसियां मामले की संयुक्त जांच कर रही हैं. यह सफल अभियान ICG और ATS गुजरात के बीच मजबूत तालमेल और ऑपरेशनल समन्वय को दिखाता है. पिछले पांच वर्षों में एजेंसियों द्वारा संयुक्त रूप से किया गया यह 15वां सफल मादक पदार्थ विरोधी अभियान है. अधिकारियों ने कहा कि यह कार्रवाई समुद्री सुरक्षा मजबूत करने और ‘नशा मुक्त भारत’ के लक्ष्य की दिशा में बड़ा कदम है.

