छठ महापर्व चार दिनों तक चलने वाला विशेष पर्व है, जिसकी शुरुआत नहाय-खाय की परंपरा से होती है। इस दिन व्रती स्नान कर भगवान सूर्य और छठी मैया की पूजा-अर्चना करती हैं और सात्विक भोजन ग्रहण करती हैं। इसके बाद दूसरे दिन खरना मनाया जाता है। तीसरे दिन व्रती अस्त होते सूर्य को अर्घ्य अर्पित करती हैं, जिसे संध्या अर्घ्य कहा जाता है। वहीं, चौथे दिन उगते सूर्य को अर्घ्य देकर व्रत का समापन किया जाता है। इसे उषा अर्घ्य के नाम से जाना जाता है। यह पर्व भगवान सूर्य देव और छठी मैया को समर्पित है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, छठ व्रत संतान की लंबी आयु, परिवार की सुख-समृद्धि और खुशहाली की कामना के लिए रखा जाता है। छठ महापर्व को सूर्य षष्ठी, छठ, छठी, छठ पर्व, डाला पूजा और डाला छठ जैसे नामों से भी जाना जाता है। इस वर्ष छठ पूजा की शुरुआत 13 नवंबर 2026 से होगी। ऐसे में अगर आप भी इस महापर्व का व्रत रखने वाले हैं, तो आइए जानते हैं पूजा के लिए जरूरी सभी सामग्रियों की पूरी लिस्ट।
छठ पूजा में उपयोग होने वाली संपूर्ण सामग्री की लिस्ट
•केला, शरीफा, शकरकंदी, डाभ नींबू, सिंघाड़ा, नाशपाती
•घी, धूप, अगरबत्ती, बाती, कपूर, दीपक
•अक्षत, पीला (ऑरेंज) सिंदूर, कुमकुम, शहद चंदन, सिंदूर, कलावा
•पान के पत्ते, सुपारी, कच्चा हल्दी, अदरक और मूली का पौधा
•मिठाई, गेंहू और चावल का आटा, गुड़, ठेकुआ, आटे का लड्डू
•दूध और जल के लिए एक ग्लास या लोटा, कलश
•पत्ते लगे पांच गन्ने
•हरा पानी वाला नारियल
•बांस या पीतल के सूप और डाला (डलिया, टोकरी)
•पीतल या तांबे के लोटे और थालियां
छठ पूजा (संध्या अर्घ्य) के दिन सूर्योदय और सूर्यास्त का समय)
कार्तिक शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि का आरंभ 14 नवंबर को 11:23 PM पर होगा। षष्ठी तिथि का समापन 16 नवंबर को 2 AM पर होगा। छठ पूजा के दिन सूर्योदय सुबह 6 बजकर 44 मिनट पर होगा। वहीं सूर्यास्त 15 नवंबर को शाम 5 बजकर 28 मिनट पर होगा।
छठ पूजा का महत्व
कार्तिक मास के शुक्ल पक्ष की षष्ठी तिथि को हर साल छठ महापर्व मनाया जाता है। यह पर्व भगवान सूर्य देव और छठी मैया की आराधना को समर्पित है। लोक आस्था का प्रतीक छठ पूजा चार दिनों तक चलने वाला एक कठिन और पवित्र पर्व है, जिसमें साफ-सफाई, शुद्धता और सभी धार्मिक नियमों का विशेष महत्व होता है। इस दौरान व्रती महिलाएं संतान की लंबी आयु और परिवार की सुख-शांति व समृद्धि की कामना के साथ करीब 36 घंटे तक निर्जला व्रत रखती हैं। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, पूरी श्रद्धा और विधि-विधान से छठ व्रत करने पर छठी मैया भक्तों की मनोकामनाएं पूरी करती हैं, वहीं भगवान सूर्य देव उत्तम स्वास्थ्य और सुखी जीवन का आशीर्वाद प्रदान करते हैं।
(Disclaimer: यहां दी गई जानकारियां धार्मिक आस्था और लोक मान्यताओं पर आधारित हैं। इसका कोई भी वैज्ञानिक प्रमाण नहीं है। NVR24 एक भी बात की सत्यता का प्रमाण नहीं देता है।)

