पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने टेस्ट टीम की कप्तानी में बड़ा बदलाव करते हुए शान मसूद को पद से हटा दिया है। उनकी जगह एक बार फिर बाबर आजम को टेस्ट टीम की कमान सौंपी गई है। यह फैसला वेस्टइंडीज के खिलाफ होने वाली दो मैचों की टेस्ट सीरीज के लिए टीम की घोषणा के साथ लिया गया। अब इस सीरीज में पाकिस्तान की अगुआई बाबर आजम करते नजर आएंगे।
कप्तानी में शान मसूद का रिकॉर्ड रहा है बेहद खराब
शान मसूद का टेस्ट कप्तानी का कार्यकाल उम्मीदों पर खरा नहीं उतर सका। उनकी अगुआई में पाकिस्तान ने 16 टेस्ट मैच खेले, जिनमें 12 में हार मिली। टेस्ट इतिहास में किसी भी कप्तान के पहले 16 मुकाबलों में यह सबसे खराब रिकॉर्ड माना जाता है। इतना ही नहीं, पाकिस्तान की टीम फिलहाल लगातार सात टेस्ट मैच गंवा चुकी है, जिसके बाद कप्तानी में बदलाव का फैसला लिया गया।
मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान की टीम जीत पाई सिर्फ एक टेस्ट सीरीज
शान मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान का प्रदर्शन लगातार निराशाजनक रहा। उनके कार्यकाल की शुरुआत ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 3-0 की टेस्ट सीरीज हार से हुई, जिसके बाद टीम ने पहली बार घरेलू मैदान पर बांग्लादेश से 2-0 से टेस्ट सीरीज गंवाई। हालांकि, इंग्लैंड के खिलाफ मिली सीरीज जीत उनके कार्यकाल की सबसे बड़ी उपलब्धि रही। मसूद की कप्तानी में पाकिस्तान ने कुल सात टेस्ट सीरीज खेलीं, जिनमें सिर्फ एक जीती और चार में हार झेली। लगातार खराब प्रदर्शन का असर यह हुआ कि टीम वर्ल्ड टेस्ट चैंपियनशिप (WTC) की अंक तालिका में सबसे निचले पायदान पर पहुंच गई।
कप्तान के तौर पर बाबर आजम का रिकॉर्ड रहा है शानदार
बाबर आजम का टेस्ट कप्तानी रिकॉर्ड शान मसूद के मुकाबले बेहतर रहा है। उनकी अगुआई में पाकिस्तान ने 20 में से 10 टेस्ट मैच जीते, जिसमें बांग्लादेश और श्रीलंका में सीरीज क्लीन स्वीप भी शामिल है। कप्तानी के दौरान बाबर का बल्लेबाजी प्रदर्शन भी शानदार रहा। हालांकि, उनके कार्यकाल में पाकिस्तान को घरेलू मैदान पर इंग्लैंड के खिलाफ 3-0 से ऐतिहासिक हार भी झेलनी पड़ी थी। इसके बावजूद, मजबूत विकल्पों की कमी के चलते PCB ने एक बार फिर बाबर आजम पर भरोसा जताया है।
