‘लॉक अप 2’ में शिल्पा शिंदे की वाइल्ड कार्ड एंट्री ने शो का माहौल पूरी तरह बदल दिया है। ‘भाबीजी घर पर हैं’ की मशहूर अंगूरी भाभी अब इस रियलिटी शो का हिस्सा बन चुकी हैं। उनका नया प्रोमो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। शिल्पा के घर में कदम रखते ही कंटेस्टेंट्स के बीच तनाव बढ़ गया और खाने को लेकर शुरू हुई तकरार देखते ही देखते तीखी बहस में बदल गई।
शिल्पा शिंदे की एंट्री मची हलचल
‘लॉक अप 2’ के नए प्रोमो में घर का माहौल पूरी तरह तनावपूर्ण नजर आ रहा है। कंटेस्टेंट्स खाने को लेकर नाराज दिखाई देते हैं, जिससे हालात और बिगड़ जाते हैं। इस दौरान होस्ट रितेश देशमुख सभी को समझाने की कोशिश करते हैं और सुनीता आहूजा को फटकार भी लगाते हैं। वहीं, राम कपूर नाराज होकर शो छोड़ने की इच्छा जताते हैं और कहते हैं कि वह इस तरह के माहौल के लिए नहीं बने हैं।
शिल्पा शिंदे और शिवांगी जोशी में हुई लड़ाई
नए प्रोमो में शिल्पा शिंदे की एंट्री के साथ ही घर का माहौल गर्माता नजर आता है। उनके आते ही शिवांगी जोशी कहती हैं कि उनसे बात करना आसान नहीं है, जबकि आकांक्षा चमोला उनके साथ टकराव की आशंका जताती हैं। कुछ ही देर में शिल्पा और शिवांगी के बीच तीखी बहस शुरू हो जाती है। प्रोमो के आखिर में शिल्पा हर्षद चोपड़ा, श्रेया कालरा, शिवांगी जोशी और सूफी मोतीवाला को निशाने पर लेते हुए कहती हैं, “अगर झुंड बनाकर खेलना है, तो खेलो।”
शिल्पा शिंदे की एंट्री से बढ़ा ड्रामा
मेकर्स ने 5 जुलाई को ऐलान किया कि शिल्पा शिंदे ‘लॉक अप 2’ की पहली वाइल्ड कार्ड कंटेस्टेंट के रूप में शो में शामिल हो रही हैं। अनाउंसमेंट वीडियो में उन्होंने दमदार अंदाज में एंट्री का इशारा देते हुए कहा कि घरवालों का दबदबा तभी तक है, जब तक कोई नया खिलाड़ी अंदर नहीं आता।
