अमेरिका के मिडटर्म चुनाव में राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को युवाओं की नाराजगी का बड़ा झटका लगा है। जिस Gen-Z के समर्थन ने 2024 के राष्ट्रपति चुनाव में ट्रंप की ताकत बढ़ाई थी, उसी युवा वोटर का रुझान अब डेमोक्रेटिक पार्टी की तरफ जाता दिखाई दिया है। चुनावी आंकड़ों ने रिपब्लिकन पार्टी की चिंता बढ़ा दी है।
Tufts यूनिवर्सिटी के CIRCLE संस्थान के शुरुआती आंकड़ों के मुताबिक, 18 से 29 साल के करीब 66 प्रतिशत युवा मतदाताओं ने हाउस ऑफ रिप्रेजेंटेटिव्स के चुनाव में डेमोक्रेटिक उम्मीदवारों का समर्थन किया, जबकि 31 प्रतिशत युवाओं ने रिपब्लिकन उम्मीदवारों को वोट दिया। यानी डेमोक्रेट्स को युवाओं के बीच 35 अंकों की बढ़त मिली। सवाल है कि आखिर Gen-Z का रुख क्यों बदला? इसके पीछे महंगाई, रोजगार, बढ़ता जीवनयापन खर्च और ट्रंप की नीतियों को लेकर नाराजगी जैसे मुद्दे अहम माने जा रहे हैं। हार्वर्ड के युवा मतदाता सर्वे में भी ट्रंप की नीतियों के विरोध को वोट देने की बड़ी वजह बताया गया था।
हालांकि, इसका मतलब यह नहीं कि हर युवा ने रिपब्लिकन पार्टी छोड़ दी है। लेकिन चुनावी आंकड़े साफ संकेत दे रहे हैं कि अमेरिकी युवा अब अपने वोट से सत्ता की राजनीति को प्रभावित करने की ताकत दिखा रहे हैं। ट्रंप के लिए यह आने वाले राजनीतिक दौर का बड़ा संदेश है।

