उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए बड़ी राहत की खबर है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार ने प्राकृतिक आपदाओं से फसल खराब होने पर मिलने वाले मुआवजे में बढ़ोतरी का ऐलान किया है। नए फैसले के तहत अब सिंचित जमीन पर फसल बर्बाद होने की स्थिति में किसानों को 17 हजार रुपये की जगह 22 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की आर्थिक सहायता मिलेगी।
वहीं, वर्षा आधारित यानी असिंचित क्षेत्र में फसल को नुकसान पहुंचने पर मुआवजा 8,500 रुपये से बढ़ाकर 11 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर कर दिया गया है। इसके अलावा बारहमासी फसलों और कृषि वानिकी को नुकसान होने पर अब 30 हजार रुपये प्रति हेक्टेयर की सहायता मिलेगी।
सरकार ने सिर्फ फसलों का ही नहीं, बल्कि पशुओं और मकानों के नुकसान पर मिलने वाली राहत राशि भी बढ़ाई है। प्राकृतिक आपदा में किसी व्यक्ति की मौत होने पर उसके परिवार को अब 4 लाख की जगह 8 लाख रुपये मिलेंगे।
खास बात यह है कि नए नियम 1 अप्रैल से 4 नवंबर 2026 तक हुए नुकसान पर भी लागू होंगे। सरकार के मुताबिक, इस फैसले से 10 लाख से ज्यादा किसानों और प्रभावित परिवारों को फायदा मिलने की उम्मीद है।

