पंजाब के युवाओं के लिए बड़ी खुशखबरी है। मुख्यमंत्री भगवंत मान की सरकार ने सिविल सेवा की तैयारी करने वाले छात्रों के लिए बड़ा ऐलान किया है। अब राज्य के 1000 चुने हुए कॉलेज विद्यार्थियों को UPSC और पंजाब PCS परीक्षा की तैयारी बिल्कुल मुफ्त कराई जाएगी।
यह योजना पंजाब सरकार की ‘शिक्षा क्रांति’ पहल के तहत शुरू की जा रही है। इस कार्यक्रम में कुल 1000 सीटों में से 750 सीटें सरकारी कॉलेजों के छात्रों के लिए और 250 सीटें प्राइवेट कॉलेजों के विद्यार्थियों के लिए रखी गई हैं। इस योजना का मुख्य उद्देश्य उन प्रतिभाशाली युवाओं की मदद करना है, जो महंगी कोचिंग फीस और बड़े शहरों से दूरी के कारण सिविल सेवा की तैयारी नहीं कर पाते।
खास बात यह है कि छात्रों को सिर्फ ऑनलाइन क्लास ही नहीं, बल्कि पूरी तैयारी के लिए कई सुविधाएं मिलेंगी। इसमें लाइव और रिकॉर्डेड लेक्चर, स्टडी मटेरियल, टेस्ट सीरीज, आंसर राइटिंग प्रैक्टिस और कॉपी का मूल्यांकन शामिल है।
इसके अलावा विद्यार्थियों को व्यक्तिगत मेंटरशिप, डाउट क्लियर करने और इंटरव्यू की तैयारी में भी मदद मिलेगी। सरकार की इस पहल से पंजाब के गांवों और छोटे शहरों के युवाओं को भी सिविल सेवा में जाने का बेहतर अवसर मिल सकेगा।

