Youtube Partner Program Changes: YouTube से कमाई की तैयारी कर रहे नए क्रिएटर्स के लिए बड़ा बदलाव होने जा रहा है। YouTube Partner Program (YPP) के तहत फुल मॉनेटाइजेशन पाने के नियम 1 फरवरी 2027 से सख्त होंगे। फिलहाल इसके लिए Shorts पर 90 दिनों में 1 करोड़ व्यूज या वीडियो पर 365 दिनों में 4,000 घंटे का वॉच टाइम जरूरी है। नए नियम लागू होने के बाद Shorts पर 2 करोड़ क्वालिफाइड व्यूज या वीडियो पर 8,000 घंटे का क्वालिफाइड वॉच टाइम पूरा करना होगा। इसके बाद ही एड और YouTube Premium रेवेन्यू शेयरिंग की पात्रता मिलेगी।
शॉर्ट्स से कमाई होगी मुश्किल
YouTube Partner Program (YPP) में शामिल क्रिएटर्स के लिए 1 फरवरी 2027 से नियम बदलने वाले हैं। अभी 90 दिनों में 1 करोड़ Shorts Views या 365 दिनों में 4,000 Watch Hours पूरा करना मुख्य रूप से YPP में एंट्री की शर्त है। लेकिन नए नियम के बाद Shorts से कमाई जारी रखने के लिए क्रिएटर्स को लगातार 90 दिनों में कम से कम 1 करोड़ क्वालिफाइड व्यूज बनाए रखने होंगे। यह टारगेट पूरा नहीं होने पर Shorts Creator Pool से मिलने वाला Ads और YouTube Premium Revenue रुक सकता है। वहीं, फुल रेवेन्यू शेयरिंग के लिए Shorts के जरिए 90 दिनों में 2 करोड़ क्वालिफाइड व्यूज या 1,000 सब्सक्राइबर्स के साथ 365 दिनों में 8,000 क्वालिफाइड वॉच आवर्स पूरे करने होंगे।
क्या 500 सब्सक्राइबर वालों को भी 2 करोड़ व्यूज चाहिए?
YouTube ने 500 सब्सक्राइबर्स वाले क्रिएटर्स के शुरुआती मॉनेटाइजेशन फीचर्स की पात्रता में फिलहाल कोई बदलाव नहीं किया है। यानी 500 सब्सक्राइबर्स के साथ 365 दिनों में 3,000 क्वालिफाइड वॉच आवर्स या 90 दिनों में 30 लाख क्वालिफाइड Shorts Views पूरे करने वाले क्रिएटर्स को फैन फंडिंग, YouTube Shopping और क्रिएटर पार्टनरशिप जैसे फीचर्स मिलते रहेंगे। हालांकि, Ads और YouTube Premium Revenue Sharing के लिए ज्यादा सख्त टारगेट लागू होंगे।
पहले से YPP में शामिल क्रिएटर्स का क्या होगा?
जो क्रिएटर्स पहले से YPP में हैं, उनके लिए सबसे बड़ी राहत यह है एंट्री की नई शर्तें सीधे तौर पर उन पर लागू नहीं होंगी। बल्कि, उनके लिए होंगी, जो YPP में 1 फरवरी, 2027 के बाद शामिल होंगे। हालांकि, पुराने क्रिएटर्स को शॉर्ट्स पर कमाई जारी रखने के लिए 90 दिन में 1 करोड़ व्यूज की शर्त लगातार पूरी करनी होगी।
YouTube ने प्रीमियम लाइट को भी बढ़ाया
YouTube ने मॉनेटाइजेशन नियमों के साथ Premium Lite को लेकर भी बड़ा ऐलान किया है। कंपनी Premium Lite को उन सभी देशों में उपलब्ध कराने की तैयारी कर रही है, जहां YouTube Premium पहले से मौजूद है। यह कम कीमत वाला सब्सक्रिप्शन प्लान है, जिससे क्रिएटर्स को सब्सक्रिप्शन आधारित कमाई बढ़ने की उम्मीद है। YouTube के अनुसार, Premium की सब्सक्रिप्शन कमाई का 30% और Premium Lite की कमाई का 60% क्रिएटर्स पूल में जाता है। वहीं, लॉन्ग-फॉर्म कंटेंट पर 55% और Shorts पर 45% का स्टैंडर्ड रेवेन्यू शेयर मिलता है।
नए विकल्प भी आएंगे
YouTube का कहना है कि Shorts क्रिएटर्स के लिए सिर्फ मॉनेटाइजेशन की शर्तें ही अहम नहीं हैं, बल्कि कमाई के नए रास्ते भी तैयार किए जा रहे हैं। 1 करोड़ व्यूज का टारगेट पूरा नहीं कर पाने वाले नियमित क्रिएटर्स के लिए YouTube Shopping बोनस, ब्रांड डील्स और कल्चरल ट्रेंड से जुड़े इंसेंटिव प्रोग्राम लाने की तैयारी है। हालांकि, इन योजनाओं की पूरी जानकारी और नियम बाद में जारी किए जाएंगे।

