दुनियां पर साल की शुरूआत से छाया कोरोना महामारी का खतरा है कि कम होने का नाम नहीं ले रहा है। पूरी दुनियां इस वक्त कोरोना वायरस की गिरफ्त में है। इस अनदेखे दुश्मन ने अब तक 2 लाख 83 हजार से ज्यादा लोगों की जान ले ली है। वहीं अभी भी इसकी चपेट में 42 लाख से ज्यादा लोग है। पिछले 24 घंटों में 212 देशों में 79,875 नए कोरोना के मामले सामने आए और मरने वाले लोगों की संख्या में 3,510 का इजाफा हो गया। दुनियाभर में अबतक करीब 42 लाख लोग कोरोना वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। इनमें से 2 लाख 83 हजार 734 लोगों की मौत भी हो चुकी है. वहीं 14 लाख 90 हजार 444 लोग संक्रमण मुक्त भी हुए हैं. दुनिया के करीब 73 फीसदी कोरोना के मामले सिर्फ दस देशों से आए हैं. इन देशों में कोरोना पीड़ितों की संख्या करीब 30 लाख है। लाख प्रयासों के बाद भी कोरोना महामारी कम नहीं हो रही है। कोरोना संक्रमण की रफ्तार को रोकने के लिए पिछले करीब 3 महीनों से भी ज्यादा समय से दुनियां के कई देशों में लॉकडाउन लागू है, लेकिन हालात हाथ से निकलते जा रहे हैं।
आपको बता दें दुनियाभर के कुल मामलों में से करीब एक तिहाई मामले अमेरिका में सामने आए हैं। इसके साथ ही करीब एक चौथाई मौतें भी अमेरिका में हुई हैं। इस तरह से अमेरिका में ही कोरोना का कहर सबसे ज्यादा देखा जा रहा है। यहां 1,367,638, पॉजिटिव केस है तो वहीं 80 हजार से ज्यादा लोगों की मौत हुई है। अमेरिका के बाद यूके में कोरोना ने सबसे ज्यादा कहर बरपाया है. जहां 31,855 लोगों की मौतों के साथ कुल 219,183 लोग वायरस से संक्रमित हो चुके हैं। जबकि यूके में मरीजों की संख्या स्पेन से कम है। स्पेन कोविड-19 से 264,663 लोग संक्रमित हैं। वहीं 26,621 की मौत हुई है। इसके साथ ही इटली, रूस, फ्रांस, जर्मनी, टर्की जैसे देशों में भी कोरोना का कहर जारी है।