यूपी में विनोद तावड़े का दौरा क्यों खास? BJP के मिशन 2027 में क्या है बड़ा प्लान

उत्तर प्रदेश में 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। पार्टी की नजर लगातार तीसरी बार सत्ता में वापसी पर है और इसी लक्ष्य को ध्यान में रखते हुए संगठन को चुनावी मोड में लाने की कवायद शुरू हो गई है। बीजेपी ने यूपी की चुनावी रणनीति को मजबूत करने की जिम्मेदारी पार्टी के अनुभवी रणनीतिकार विनोद तावड़े को सौंपी है।
नवनियुक्त बीजेपी यूपी प्रभारी विनोद तावड़े इन दिनों ‘मिशन यूपी 2027’ के तहत राज्य के दौरे पर हैं। वह 5 सितंबर 2026 से दो दिवसीय लखनऊ दौरे पर हैं। इस दौरान उनका मुख्य फोकस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने, बूथ मैनेजमेंट और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को लेकर पार्टी नेताओं के साथ रणनीति तैयार करने पर है।
लखनऊ स्थित बीजेपी प्रदेश मुख्यालय में तावड़े वरिष्ठ नेताओं और संगठन के पदाधिकारियों के साथ लगातार बैठकें कर रहे हैं। इन बैठकों में चुनावी तैयारियों के साथ-साथ बूथ स्तर तक संगठन की सक्रियता, कार्यकर्ताओं की भूमिका और आगामी चुनाव के लिए पार्टी की रणनीति पर मंथन किया जा रहा है। रविवार को भी उनकी कई अहम बैठकें प्रस्तावित हैं।
दरअसल, यूपी बीजेपी के लिए 2027 का विधानसभा चुनाव बेहद महत्वपूर्ण माना जा रहा है। ऐसे में तावड़े का यूपी दौरा महज संगठनात्मक बैठक तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे पार्टी की आगामी चुनावी रणनीति की दिशा तय करने के लिहाज से भी अहम माना जा रहा है। बीजेपी का फोकस किस तरह जमीनी पकड़ मजबूत करने पर है और ‘मिशन 2027’ के तहत पार्टी के एजेंडे में क्या-क्या शामिल है, आइए जानते हैं।

सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर जोर
विनोद तावड़े का फोकस सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल बनाने पर है। इसके साथ ही वे प्रदेश अध्यक्ष और महामंत्री के साथ बैठक कर संगठन से मिले फीडबैक पर चर्चा करेंगे। लखनऊ पहुंचने पर तावड़े ने कहा कि एनडीए आगामी चुनाव पूरी ताकत के साथ लड़ेगा और लगातार दूसरी बार नहीं, बल्कि फिर से पांच साल जनता की सेवा के लिए समर्पित रहने के लिए प्रतिबद्ध है।
तावड़े के लखनऊ दौरे का दूसरा दिन चुनावी तैयारियों और संगठन को मजबूत करने के लिहाज से अहम माना जा रहा है। पहले दिन की बैठकों के बाद अब उनका ध्यान ‘मिशन 2027’ के रोडमैप और कोर कमेटी के महत्वपूर्ण फैसलों पर रहेगा।

प्रदेश पदाधिकारियों तावड़े ने दिया क्या संदेश?
भाजपा प्रदेश कार्यालय में राज्यस्तरीय पदाधिकारियों की बैठक आयोजित की गई। इसमें विनोद तावड़े ने पदाधिकारियों से सीधा संवाद कर आगामी 2027 विधानसभा चुनाव के लिए संगठन की तैयारियों को लेकर जरूरी दिशा-निर्देश और रोडमैप साझा किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में होने वाली भाजपा कोर कमेटी की बैठक में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की प्रस्तावित रैलियों, प्रमुख विकास परियोजनाओं के लोकार्पण और शिलान्यास कार्यक्रमों के साथ सरकार और संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर अहम निर्णय लिए जाने की संभावना है।
तावड़े ने प्रदेश महामंत्रियों और क्षेत्रीय प्रभारियों से सितंबर के दौरे का पूरा कार्यक्रम भी मांगा है। साथ ही नेताओं को सिर्फ औपचारिक दौरे करने के बजाय अपने-अपने क्षेत्रों में रात्रि प्रवास कर कार्यकर्ताओं के साथ संवाद बढ़ाने को कहा गया है। उनका स्पष्ट संदेश है कि 2027 के चुनाव को देखते हुए संगठन के सभी नेता और कार्यकर्ता पूरी सक्रियता के साथ मैदान में उतरें।

सीएम योगी आदित्यनाथ ही होंगे चेहरा
विनोद तावड़े ने संकेत दिया है कि 2027 का यूपी विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व और मजबूत संगठनात्मक ढांचे के साथ लड़ा जाएगा। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को अनावश्यक स्वागत कार्यक्रम, होर्डिंग्स और रोड शो से दूरी बनाए रखने की सलाह दी है। उनका जोर चुनाव से पहले जमीनी स्तर पर संगठन को मजबूत करने और बूथ मैनेजमेंट को प्रभावी बनाने पर है।
तावड़े की यूपी प्रभारी के तौर पर नियुक्ति को आगामी विधानसभा चुनाव की अहमियत से जोड़कर देखा जा रहा है। पार्टी की रणनीति में योगी आदित्यनाथ की भूमिका को प्रमुखता मिलने के संकेत हैं। वहीं, तावड़े ने समाजवादी पार्टी के ‘PDA’ यानी पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक समीकरण पर भी निशाना साधा है। उन्होंने इसे ‘पराया धन अपना’ बताते हुए बीजेपी की ओर से इसके जवाब में रणनीति तैयार करने के संकेत दिए हैं।

विनोद तावड़े का दौरा इतना अहम क्यों है?
•भाजपा का यूपी प्रभारी बनाए जाने के बाद विनोद तावड़े का यह लखनऊ का पहला आधिकारिक दो दिवसीय दौरा है।
•लोकसभा चुनाव में मिले झटकों के बाद बीजेपी अब 2027 विधानसभा चुनाव से पहले संगठन की कमजोरियों को दूर कर अपनी जमीनी पकड़ मजबूत करने में जुटी है।
•मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, दोनों उपमुख्यमंत्रियों और पार्टी के वरिष्ठ पदाधिकारियों के साथ होने वाली बैठकों का प्रमुख उद्देश्य सरकार और संगठन के बीच बेहतर तालमेल कायम करना है।
•तावड़े को चुनावी रणनीति और सहयोगी दलों के साथ समन्वय साधने में माहिर माना जाता है। बिहार में NDA की वापसी के दौरान भी उनकी रणनीतिक भूमिका चर्चा में रही थी।

बीजेपी के ‘मिशन 2027’ के मुख्य एजेंडे में क्या होगा इस पर नजरें सभी की हैं। क्या-क्या होगा एजेंडे में जानिए-

विपक्ष के ‘PDA’ कार्ड की काट
समाजवादी पार्टी के PDA (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) नैरेटिव का मुकाबला करने के लिए गैर-यादव ओबीसी, दलितों और असंतुष्ट सामाजिक वर्गों को दोबारा जोड़ने के लिए विशेष आउटरीच रणनीति।

माइक्रो-बूथ मैनेजमेंट और पन्ना प्रमुख
दिखावटी कार्यक्रमों या होर्डिंग्स के बजाय सीधे बूथ और पन्ना स्तर पर सांगठनिक ढांचे को पुनर्जीवित करने पर सख्त निर्देश।

जनप्रतिनिधियों का रिपोर्ट कार्ड
विधायकों व मंत्रियों के प्रदर्शन का फीडबैक तैयार किया जा रहा है। रिपोर्ट कार्ड के आधार पर कमजोर प्रदर्शन करने वाले चेहरों को बदलने का विकल्प खुला रखा गया है।

नाराज कार्यकर्ताओं की वापसी
पिछले कुछ वर्षों में निष्क्रिय या उपेक्षित हुए पुराने और समर्पित नेताओं व कार्यकर्ताओं को दोबारा सक्रिय कर मुख्यधारा में लाया जाएगा।

युवाओं और Gen-Z को जोड़ना
राज्य के नए वोटरों और युवाओं को पार्टी की विचारधारा और सरकारी योजनाओं से जोड़ने के लिए बूथ कमेटियों में युवा चेहरों को वरीयता देने की योजना है।

2024 के लोकसभा नतीजों से सबक
विनोद तावड़े के यूपी दौरे से साफ संकेत मिल रहा है कि बीजेपी 2024 के लोकसभा चुनाव के अनुभव से सबक लेकर 2027 के विधानसभा चुनाव में किसी भी स्तर पर ढिलाई नहीं बरतना चाहती। पार्टी ने संगठन से लेकर चुनावी तैयारियों तक अपनी पूरी मशीनरी को सक्रिय करना शुरू कर दिया है।
2024 के लोकसभा चुनाव में बीजेपी को अपेक्षित प्रदर्शन नहीं मिला था। पार्टी अपने दम पर बहुमत के आंकड़े तक नहीं पहुंच सकी और सरकार बनाने के लिए एनडीए के सहयोगी दलों पर निर्भर रहना पड़ा। ऐसे में बीजेपी की कोशिश है कि यूपी विधानसभा चुनाव में ऐसी स्थिति दोबारा न बने।
दूसरी ओर, समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव लगातार ‘PDA’ समीकरण के जरिए सरकार को घेरने की कोशिश कर रहे हैं। ऐसे राजनीतिक माहौल में बीजेपी के सामने योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में लगातार तीसरी बार यूपी की सत्ता हासिल करने की चुनौती आसान नहीं मानी जा रही है।

Leave a Comment

Your email address will not be published. Required fields are marked *

बिहार के इन 2 हजार लोगों का धर्म क्या है? विश्व का सबसे अमीर क्रिकेट बोर्ड कौन सा है? दंतेवाड़ा एक बार फिर नक्सली हमले से दहल उठा SATISH KAUSHIK PASSES AWAY: हंसाते हंसाते रुला गए सतीश, हृदयगति रुकने से हुआ निधन India beat new Zealand 3-0. भारत ने किया कीवियों का सूपड़ा साफ, बने नम्बर 1