उत्तर प्रदेश के कई जनपदों में शनिवार को तेज हवाओं के साथ हुई बारिश से 23 लोगों की जान चली गई है। इस दौरान कुछ स्थानों पर ओलावृष्टि हुई और आकाशीय बिजली गिरी। इस आपदा से कम से कम 23 लोगों की मौत हो गई है। CM योगी आदित्यनाथ ने इस आपदा पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों को तत्काल 4-4 लाख रुपये की सहायता राहत राशि पहुंचाने का निर्देश दिया है।
देर रात तक विभिन्न जिलों से मिली जानकारी के मुताबिक इस दैवीय आपदा से सर्वाधिक उन्नाव में सात, कन्नौज में छह, बांदा और कानपुर शहर में एक-एक व्यक्ति की जान चली गई। इसके अलावा आगरा और रायबरेली में 3-3, प्रतापगढ़ और मैनपुरी में 2-2 तथा प्रयागराज, कन्नौज, बांदा, कौशांबी, जौनपुर, लखीमपुर खीरी, मुजफ्फरनगर व गोंडा में 1-1 व्यक्तियों के मरने की खबर है। आंधी तूफान से कई पेड़ उखड़ गये और कच्चे मकान भी ध्वस्त हो गये।
मौसम विभाग के मुताबिक, शनिवार को राजधानी लखनऊ समेत कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई। ओलावृष्टि भी हुई। इसके चलते कच्चे मकान, झोपड़ी, पेड़ गिरे हैं। बिजली के पोल और पेड़ गिरने से कई जिलों के सड़कों का आवागमन बाधित हुआ है। तेज बारिश और ओलावृष्टि के कारण कन्नौज जिले के ठठिया थाना क्षेत्र स्थित गैस एजेंसी की दीवार गिरी, जिसकी चपेट में आने से छह से अधिक लोग गंभीर रुप से घायल हो गये। कन्नौज के जिलाधिकारी राकेश कुमार मिश्रा के मुताबिक, अतिवृष्टि और ओलावृष्टि के कारण जनपद में छह लोगों की जान गयी है। जबकि 4 लोग घायल और 26 पशुओं की मौत हुई है।