ग्रेटर नोएडा में यूपी इंटरनेशनल ट्रेड शो के चौथे संस्करण का शानदार आगाज हुआ है। इंडिया एक्सपो सेंटर एंड मार्ट में शुरू हुए इस पांच दिवसीय आयोजन का उद्घाटन केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मौजूदगी में किया। ट्रेड शो 25 से 29 सितंबर तक चलेगा।
इस बार आयोजन में MSME, मैन्युफैक्चरिंग, टेक्सटाइल, हस्तशिल्प, फूड प्रोसेसिंग, इलेक्ट्रॉनिक्स, डिफेंस और ODOP जैसे कई क्षेत्रों को अंतरराष्ट्रीय बाजार से जोड़ने पर जोर है। सरकार के मुताबिक, उत्तर प्रदेश में 96 लाख से ज्यादा MSME इकाइयां हैं और यह क्षेत्र बड़े पैमाने पर रोजगार उपलब्ध कराता है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश के पारंपरिक हुनर को आधुनिक तकनीक, बेहतर इंफ्रास्ट्रक्चर और वैश्विक बाजार से जोड़ा जा रहा है। उन्होंने बताया कि राज्य से सालाना दो लाख करोड़ रुपये से ज्यादा के सामान का निर्यात हो रहा है और 79 उत्पादों को GI टैग मिल चुका है।
वहीं अमित शाह ने उत्तर प्रदेश में बढ़ते निवेश और डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग का जिक्र किया। उन्होंने डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के छह नोड्स में निवेश और ब्रह्मोस तथा AK-203 जैसी परियोजनाओं को राज्य में बढ़ती रक्षा उत्पादन क्षमता के उदाहरण के तौर पर पेश किया।
ट्रेड शो में जापान, रूस, सिंगापुर, वियतनाम, ऑस्ट्रिया और बेलारूस साझेदार देशों के तौर पर शामिल हैं। ऐसे में यह आयोजन यूपी के स्थानीय उत्पादों, MSME और निर्यातकों को विदेशी खरीदारों से जोड़ने का मंच बन रहा है।

