अमेरिका के लॉस एंजेलिस के सेंटा क्लैरिटा इलाके में एक स्कूल में फायरिंग की घटना हुई है। इस घटना में दो की मौत हो गई है जबकि करीब 4 लोगों के घायल होने की खबर हैं। वहीं, लॉस एंजेलिस काउंटी फायर डिपार्टमेंट ने स्कूल में घटी फायरिंग की घटना पर ज्यादा जानकारी देते हुए कहा कि सेंटा क्लैरिटा शहर के सौगस हाई स्कूल में सुबह 7:30 बजे 16 वर्षिय स्कूल के ही छात्र ने स्कूल में फायरिंग कर दी। स्थानीय पुलिस की माने तो संदिग्ध लैटिन अमेरिकी मूल का था जो घटना के बाद फरार हो गया। फिलहाल पुलिस का सर्च अभियान जारी है।
आपको बता दें अमेरिका में आए दिन गोलीबारी की घटनाएं सुनने को मिलती रहती हैं। बीते अक्टूबर महीने में अमेरिकी राज्य कंसास के कंसास सिटी के एक बार में गोली मारकर चार लोगों की हत्या कर दी गई थी। वहीं, इससे पहले टेक्सास में भी दो अलग-अलग गोलीबारी की घटनाएं सामने आईं थीं, जिसमें 44 लोगों की मौत हो गई थी। इस साल अमेरिका में गोलीबारी के 40 से ज्यादा बड़े मामले सामने आए हैं।