दुनियाभर में कोरोना वायरस की महामारी के बीच खबर है कि संयुक्त राष्ट्र संघ में भारत के स्थायी प्रतिनिधि के रूप में रहे सैयद अकबरूद्दीन बीते गुरुवार को रिटायर हो गए। कोरोना वायरस के संक्रमण से बचने के लिए उनकी विदाई वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए हुई और सैयद अकबरूद्दीन ने यूएन महासचिव एंटोनियो गुटेरेश से हाथ जोड़कर विदाई ली। इसके साथ ही अकबरूद्दीन ने विदाई लेने से पहले संयुक्त राष्ट्र के महासचिव गुटेरेस से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए बात की और नमस्ते करके विदाई ली, और उनकी जल्द ही भारत वापसी होगी। इस बारे में अकबरूद्दीन ने ट्विटर पर एक वीडियो पोस्ट किया जिसमें वो संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस से ‘नमस्ते’ करते विदा लेते दिख रहे हैं।
आपको बता दें सैयद अकबरूद्दीन 16 नवंबर 2015 से संयुक्त राष्ट्र में भारत के राजदूत के तौर पर तैनात रहे। संयुक्त राष्ट्र संघ में स्थायी प्रतिनिधि से पहले वो विदेश मंत्रालय में प्रवक्ता भी रह चुके हैं। सैयद अकबरूद्दीन 1985 बैच के भारतीय विदेश सेवा (आईएफएस) अफसर हैं। उन्हें 2015 में संयुक्त राष्ट्र में भारत के स्थायी प्रतिनिधि के तौर पर नियुक्त किया गया था। यूएन में भारत का पक्ष बेहद मजबूती से रखने के कारण वह अक्सर चर्चा में रहे।
आपको बता दें भारतीय विदेश सेवा में 1985 बैच के अधिकारी टीएस तिरुमूर्ति न्यूयॉर्क में सैयद अकबरूद्दीन की जगह लेंगे। टीएस तिरुमूर्ति अब तक विदेश मंत्रालय में सचिव की जिम्मेदारी निभा रहे थे लेकिन अब संयुक्त राष्ट्र में भारत का अगला स्थायी प्रतिनिधि टीएस तिरुमूर्ति को नियुक्त किया गया है। तिरुमूर्ति का जन्म 7 मार्च 1962 को चेन्नई में हुआ था। तिरुमूर्ति एक लेखक भी हैं।